रोहतक को सीएम खट्टर ने दी दीपावली की सौगात, कच्चा बेरी रोड का किया उद्घाटन
Haryana News: मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने आज यानी शनिवार 11 नवंबर को रोहतक वासियों को दीपावली की सौगात दी। सीएम खट्टर ने चंडीगढ़ से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से 'संत नामदेव जी द्विमार्गीय रेलवे ऊपरगामी पुल समपार संख्या - 60 (कच्चा बेरी रोड) रोहतक शहर' का उद्घाटन किया।
हरियाणा सरकार की तरफ से इस बारे में और अधिक जानकारी देते हुए बताया कि सीएम मनोहर लाल खट्टर ने रोहतक शहरवासियों को विकासात्मक परियोजना का एक और तोहफा देते हुए आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संत नामदेव जी द्विमार्गीय रेलवे ऊपरगामी पुल (कच्चा बेरी रोड़) का उद्घाटन कर जनता को समर्पित किया।

इस नवनिर्मित पुल का निर्माण 47 करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि से हुआ है। इतना ही नहीं, नवनिर्मित इस द्विमार्गीय रेलवे ऊपरगामी पुल की लम्बाई 1150 मीटर तथा चोड़ाई 7 मीटर है। मुख्यमंत्री द्वारा लोगों की वर्षों पुरानी मांग को पूरा किया गया है। अब शहरवासियों को इस सड़क पर जाम से मुक्ति मिली है।
बता दें कि इससे शहर की जनता को अनाज मंडी व सब्जी मंडी में आने जाने में काफी सहूलियत मिलेगी। इन दोनों स्थानों समेत रेलवे स्टेशन पर जाने के लिए दो मिनट से भी कम का सफर तय करना पड़ेगा। इस संबंध में और जानकारी देते हुए उपायुक्त अजय कुमार ने बताया कि भगत नामदेव संत रेलवे ओवरब्रिज को डॉ. मंगल सेन एलिवेटेड रोड से जोड़ा गया है।
इस रेलवे ओवरब्रिज के चालू होने से वैश्य कॉलेज, अनाज मंडी, सुनारिया व अन्य कॉलोनियों की ओर से शहर में आने वाले नागरिकों को लाभ होगा और बहुत ही कम समय में आवागमन कर सकेंगे। इस ब्रिज के चालू होने से यातायात जाम की समस्या से भी मुक्ति मिलेगी।












Click it and Unblock the Notifications