वर्ल्ड बॉक्सिंग चैंपियन नीतू और स्वीटी से मिले हरियाणा के CM खट्टर
सीएम खट्टर ने दोनों विश्व चैंपियन खिलाड़ी नीतू और स्वीटी को 40-40 लाख रुपए का चेक और नौकरी का प्रस्ताव देकर सम्मानित किया।

हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने विश्व बॉक्सिंग चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल जीतने वाली बॉक्सर नीतू घणघस और स्वीटी बुरा से चंडीगढ़ स्थित संतकबीर कुटीर पर मुलाकात की। सीएम खट्टर ने दोनों विश्व चैंपियन खिलाड़ियों को 40-40 लाख रुपए का चेक और नौकरी का प्रस्ताव देकर सम्मानित किया। सीएम ने दोनों विश्व विजेता बेटियों को उनकी इस उपलब्धि के लिए बधाई दी।
हरियाणा के सीएम खट्टर ने गुरुवार को चंडीगढ़ में स्थित अपने आवास संत कबीर कुटीर में नीतू और स्वीटी से मुलाकात की। सीएम खट्टर ने खिलाड़ी बेटियों को 40- 40 लाख रुपये का चेक सौंपा और दोनों खिलाड़ियों को हरियाणा उत्कृष्ट खिलाड़ी सेवा नियम के तहत ग्रुप बी की नौकरी का ऑफर लेटर दिया। दोनों खिलाड़ी मिले सम्मान से गदगद दिखीं। बॉक्सर नीतू घणघस ने मुख्यमंत्री मनोहर लाल के नेतृत्व में बनी हरियाणा सरकार की नीतियों से खिलाड़ियों को काफी प्रोत्साहन मिल रहा है।
मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि यह प्रदेश के लोगों के लिए गर्व की बात है कि पिछले कुछ वर्षों में लड़कियों ने खेल के क्षेत्र में प्रदेश के साथ-साथ देश का नाम रोशन किया है। मनोहर लाल ने कहा कि यह हरियाणा के लिए गर्व की बात है कि वह देश के साथ ही विश्व में भी खेलों में आगे हैं। हर खेल में हरियाणा की भागीदारी 35 से 50 प्रतिशत तक है। आज मुझे खुशी है कि हाल ही में हुई विश्व बॉक्सिंग चैंपियनशिप में हरियाणा की दो बेटियां गोल्ड मेडल जीतकर लाई हैं।
मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कोचों की तारीफ करते हुए कहा कि खिलाड़ियों को बनाने में उनका भी अहम योगदान है। इस दौरान मुख्यमंत्री कार्यालय में तैनात अधिकारियों ने भी खिलाड़ी को शुभकामनाएं दी।












Click it and Unblock the Notifications