4 साल बाद अग्निवीरों को गारंटी के साथ सरकारी नौकरी देने का मनोहर लाल खट्टर ने किया ऐलान
चंडीगढ़, 21 जून। सेना में भर्ती की नई योजना अग्निपथ का लगातार विरोध हो रहा है, इसका विरोध करने वाले इस योजना को वापस लिए जाने की मांग कर रहे हैं। लेकिन सेना की ओर से साफ तौर पर कह दिया गया है कि इस योजना को वापस नहीं लिया जाएगा। हालांकि प्रदर्शनकारियों की मांग को देखते हुए इसकी अधिकतम उम्र को इस साल 21 साल से बढ़ाकर 23 साल कर दिया गया है, साथ ही अन्य सैन्य सेवाओं में अग्निवीरों को प्राथमिकता दिए जाने की बात कही गई है। वहीं इस बीच हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने अग्निवीरों के लिए बड़ा ऐलान किया है।
Recommended Video

दरअसल अग्निपथ में जिन अग्निवीरों को भर्ती किया जाएगा उसमे से चार साल के बाद 75 फीसदी अग्निवीरों को सेवानिवृत्त कर दिया जाएगा। लेकिन मनोहर लाल खट्टर ने कहा है कि 4 साल बाद जो 75 फीसदी अग्निवीर सेवानिवृत्त होंगे, अगर वह नौकरी चाहते हैं तो हरियाणा की सरकार उन्हें 100 फीसदी सरकारी नौकरी की गारंटी देगी। जो भी अग्निवीर नौकरी करना चाहते हैं हम उन्हें ग्रुप सी काडर की नौकरी देने की गारंटी देते हैं। अन्यथा हमारे पास पुलिस की नौकरी है, हम उन्हें इसमे भर्ती करेंगे। इस बाबत मुख्यमंत्री ने एक ट्वीट भी किया है, जिसमे उन्होंने लिखा, मैं घोषणा करता हूँ कि 'अग्निपथ योजना' के तहत 4 वर्ष देश की सेवा करने के बाद वापिस आने वाले अग्निवीरों को गारंटी के साथ हरियाणा सरकार में नौकरी दी जाएगी
बता दें कि अग्निपथ योजना के खिलाफ प्रदर्शन पिछले कई दिनों से लगातार जारी है। हरियाणा में भी इसे खिलाफ हिंसक प्रदर्शन हुआ है। पलवल, महेंद्रगढ़, बल्लभगढ़, फरीदाबाद, हिसार, फतेहाबाद, जींद, भिवानी, चर्खी दादरी, रोहतक में हिंसक प्रदर्शन देखने को मिला था। हरियाणा पुलिस ने इस मामले में 1000 से अधिक आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है, इन लोगों पर पत्थरबाजी करने, हिंसा करने का आरोप है। हरियाणा में कांग्रेस नेता भूपिंदर सिंह हुड्डा, रणदीप सिंह सुरजेवाला, कुमारी शैलजा, उदय भान ने खट्रटर सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि कहा था कि क्या आप अग्निवीरों को चार साल के बाद हरियाणा सरकार में नौकरी देंगे।












Click it and Unblock the Notifications