Haryana Chunav: कांग्रेस ने INLD,JJP के गढ़ जुलाना में विनेश फोगाट को क्यों उतारा, BJP चल सकती है ये दांव
Haryana Assembly Elections: हरियाणा की जुलाना विधानसभा सीट पर जाट मतदाताओं का बोलबाला रहा है। 2009 से जींद जिले की यह विधानसभा सीट आईएनएलडी और जेजेपी के कब्जे में रही है। फिर भी कांग्रेस ने यहां से रेसलर विनेश फोगाट को टिकट दिया है तो उसका मुख्य मकसद यहां की करीब 50% जाट आबादी ही है।
कांग्रेस सूत्रों का कहना है कि पार्टी ने जुलाना से विनेश फोगाट को इसलिए मौका दिया है, क्योंकि यहां का खेड़ा बख्ता विनेश के पति का पैतृक गांव है। हालांकि, उनके ससुराल वाले गांव में नहीं रहते, लेकिन पार्टी को यकीन है कि बीजेपी नेता बृजभूषण के खिलाफ जंतर-मंतर पर पहलवानों का प्रदर्शन और पेरिस ओलंपिक से आखिरी वक्त में विनेश को मिली नाकामी से उन्हें मिली सहानुभूति का फायदा कांग्रेस को मिल सकता है।

जुलाना में विनेश फोगाट के पक्ष में खापों की गोलबंदी शुरू
विनेश के ससुर राजपाल राठी भी पहले टिकट के दावेदार रह चुके हैं। जुलाना के 92% वोटर ग्राणीण इलाकों से हैं। रविवार को विनेश फोगाट के चुनाव प्रचार अभियान की शुरुआत में जिस तरह से खाप पंचायतों और राठी समाज की खाप पंचायतों का मजमा लगा, उससे भी साफ हो गया कि यहां किस तरह से कांग्रेस उम्मीदवार के पक्ष में गोलबंदी शुरू की जा रही है।
विनेश फोगाट को मिल सकती है कड़ी टक्कर
इस सीट पर बीते 15 वर्षों से कांग्रेस कभी नहीं जीत सकी है और इसपर लगातार जाटों की प्रभुत्व वाली इंडियन नेशनल लोक दल और जननायक जनता पार्टी का ही कब्जा रहा है।
2019 में जेजेपी के अमरजीत ढांडा ने भाजपा प्रत्याशी को 24 हजार से भी ज्यादा वोटों के अंतर से हराया था। इसलिए, जाट लैंड के बांगर क्षेत्र की यह सीट विनेश के लिए भी केकवॉक नहीं मानी जा सकती। अलबत्ता ये जरूर है कि ओलंपियन की वजह से यह सीट हॉट बन गई है
जाटों के गढ़ में भाजपा खेल सकती है ब्राह्मण उम्मीदवार पर दांव
बीजेपी ने हरियाणा विधानसभा के लिए जारी प्रत्याशियों की अपनी पहली लिस्ट में जुलाना से किसी के नाम की घोषणा नहीं की है। करीब 50% जाट वोटरों वाले इस क्षेत्र में कांग्रेस समेत आईएनएलडी और जेजेपी की राजनीति यहां इस बिरादरी के वोटों के इर्द गिर्द घूम रही हैं।
ऐसे में माना जा रहा है कि बीजेपी यहां ब्राह्मण चेहरे में पर दांव लगा सकती है। हरियाणा में ब्राह्मण करीब 12% हैं और जुलाना में भी इनकी अच्छी जनसंख्या है। भाजपा को जाट वोटों में संभावित बिखराव को फायदा मिल सकता है।
विनेश फोगाट के खिलाफ चुनाव लड़ने को लेकर बीजेपी अभी से बहुत ही सावधानी बरत रही है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बडोली के मुताबिक खिलाड़ी हमारे लिए हमेशा देश के गौरव हैं, पार्टी उनपर राजनीति नहीं करती। कुल मिलाकर बीजेपी से यही संकेत मिल रहा है कि वह विनेश फोगाट को टारगेट नहीं करके, सारा निशाना कांग्रेस पार्टी और उसकी राजनीति पर साधेगी।












Click it and Unblock the Notifications