हरियाणा विधानसभा चुनाव 2024: भाजपा उम्मीदवारों की सूची जारी होने से पहले CM सैनी दिल्ली तलब
Haryana BJP Candidates List: हरियाणा विधानसभा चुनाव 2024 में भाजपा उम्मीदवारों की पहली सूची जारी होने से मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को दिल्ली बुलाया गया है। ऐसे में माना जा रहा है कि भाजपा उम्मीदवारों की सूची आज या कल जारी हो सकती है।
सूत्रों के हवाले से खबर है कि हरियाणा विधानसभा चुनाव 2024 के लिए अभी तक भाजपा में उम्मीदवारों की सूची पर अंतिम सहमति नहीं बन पाई है। केंद्रीय चुनाव समिति की मीटिंग में प्रधानमंत्री मोदी के सुझाव के बाद पहली सूची जारी होगी। उसमें 60 से 70 उम्मीदवारों के नाम शामिल हो सकते हैं।

मीडिया से बातचीत में हरियाणा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि भाजपा प्रत्याशियों की सूची आने ही वाली है। बीती रात भी चंडीगढ़ में एक मीटिंग हुई है, जिसमें कई नामों पर चर्चा की गई है।
उधर, हरियाणा भाजपा के कई दिग्गज नेता इन दिनों दिल्ली में डाले हुए हैं। उन्हें टिकट कटने का डर सता रहा है। मंगलवार शाम को बवानी खेड़ा से दावेदार सुरेश ओड केंद्रीय मंत्री से मिलने पहुंचे हैं। पूर्व मंत्री राव नरबीर सिंह ने केंद्रीय मंत्री अमित शाह से मुलाकात की। राव नरबीर बादशाहपुर से टिकट के दावेदार हैं।
मंगलवार शाम को भाजपा उम्मीदवारों की एक सूची वायरल हुई है, जिसमें सीएम नायब सिंह सैनी, गोपाल कांडा, सावित्री जिंदल समेत 23 नाम हैं। भाजपा ने इस सूची को फेक बताया है।
उल्लेखनीय है कि हरियाणा विधानसभा की सभी 90 सीटों पर 5 अक्टूबर को मतदान और 8 अक्टूबर को मतगणना होनी है। भाजपा दस साल से हरियाणा की सत्ता पर काबिज है। तीसरी बार सरकार बनाने के इरादे से चुनाव मैदान में है।
उधर, भाजपा के अलावा कांग्रेस, आम आदमी पार्टी, जननायक पार्टी और इंडियन नेशनल लोकदल भी हरियाणा में चुनाव लड़ रही है। जेजेपी ने चंद्रशेखर आजाद की एएसपी और इनेलो ने बसपा से गठबंधन कर लिया है जबकि कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के बीच गठबंधन की बात चल रही है।












Click it and Unblock the Notifications