चुनाव की तैयारियों में जुटी JJP, दुष्यंत चौटाला ने कहा- हर बूथ पर खड़ी की युवाओं की फौज
Haryana News: जननायक जनता पार्टी (JJP) ने एक बूथ एक योद्धा अभियान को सफलतापूर्वक पूरा करते हुए हरियाणा के हर बूथ पर युवाओं की फौज खड़ी कर दी है। युवाओं की यह फौज बूथ स्तर पर जेजेपी को और मजबूत करने के साथ-साथ लोकसभा चुनाव की तैयारियों में जुट गई।
इस बात की जानकारी खुद हरियाणा के डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने दी। दरअसल, आज वे हिसार में युवा जेजेपी की प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने कहा कि किसी संगठन की कामयाबी और प्रदेश की प्रगति के पीछे युवाओं का अहम योगदान होता है।

डिप्टी सीएम ने कहा कि युवाओं की बढ़-चढ़कर भागीदारी और मेहनत के चलते जेजेपी आज गठबंधन सरकार में हिस्सेदार बनकर प्रदेश हित में निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि आज युवाओं की मेहनत का ही परिणाम है कि जेजेपी हरियाणा के प्रत्येक बूथ पर मजबूती से खड़ी है।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक बूथ पर जेजेपी का युवा योद्धा होना संगठन की ताकत को दर्शा रहा है और आने वाले चुनावों में इसके अच्छे परिणाम देखने को मिलेंगे। दुष्यंत चौटाला ने युवा जेजेपी के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और बूथ योद्धाओं में जोश भरते हुए कहा कि आगामी लोकसभा और विधानसभा चुनाव में ज्यादा समय नहीं बचा है इसलिए वे बूथ स्तर में पार्टी के साथ नए मजबूत साथियों को जोड़े।












Click it and Unblock the Notifications