हरियाणा के झज्जर में फैक्ट्री में गैस लीक होने से मचा हड़कंप, कई लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया
झज्जर, 29 अप्रैल। हरियाणा के झज्जर जिले में गैस लीक होने की खबर सामने आई है। रिपोर्ट के अनुसार गुरुवार की शाम को कत्था बनाने वाली फैक्ट्री में गैस लीक होने की खबर सामने आई है, जिससे स्थानीय लोगों में हडबड़ी मच गई है। कुछ स्थानीय लोगों ने सांस लेने में दिक्कत की भी शिकायत की, कुछ लोगों को उल्टी की भी शिकायत थी। घटना की जानकारी मिलने के बाद फायर ब्रिगेड की टीम, पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। झज्जर के डेप्युटी कमिश्नर जग निवास ने बताया कि अमोनिया गैस लीक की जानकारी हमे मिली है, मौके पर तीन एंबुलेंस, 3-4 फायर ब्रिगेड की गाड़ियां पहुंच गई है। लोगों को सुझाव दिया गया है कि वह मास्क पहने और खुद को घटना स्थल से दूर रखें। गैस लीक की खबर के बाद फायर ब्रिगेड की टीम ने फैक्ट्री से लोगों को बाहर निकाल लिया है। मौके पर कुछ लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।
Recommended Video
हालांकि अच्छी बात यह है कि इस हादसे के चलते कोई बड़ी दुर्घटना नहीं हुई है और ना ही किसी तरह के जान-माल का नुकसान हुआ है। अभी तक गैस लीक की वजह का भी पता नहीं चल सका है। स्थानीय लोग जो फैक्ट्री के आसपास रहते थे उन्हें यहां से हटा दिया गया है, इन लोगों को दूसरी जगह पर शिफ्ट कर दिया गया है ताकि किसी की जान को खतरा नहीं हो।
बता दें कि अमोनिया गैस लीक काफी खतरनाक हो सकती है। अगर इसे सही तरीके से संभाला ना जाए तो यह जानलेवा साबित हो सकती है। आस-पास के लोगों को काफी बीमार कर सकती है। फैक्ट्री में काफी खतरनाक केमिकल होते हैं, जोकि पर्यावरण के लिए ठीक नहीं होते हैं। अमोनिया गैस लीक से प्रभावित मां को उसके आने वाले बच्चे तक पर असर पड़ सकता है।













Click it and Unblock the Notifications