हरदोई: विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, जमीन के लिए हत्या का आरोप
हरदोई। हरदोई के पचदेवरा थाना क्षेत्र में एक विवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। विवाहिता के शरीर पर चोटों के निशान हैं। मायके पक्ष के लोग पीटकर हत्या करने का आरोप लगा रहे हैं। वहीं, पति सड़क हादसे में घायल होने की बात कह रहा है। पुलिस मामले की जांच कर कार्रवाई करने की बात कह रही है।

पति ने कहा- बाइक से गिरी
पचदेवरा थाना क्षेत्र के ग्राम धानीनगला निवासी रोली देवी (26) पत्नी रोहित घरेलू काम करती थीं। पति के अनुसार, उनकी एक छह वर्षीय बेटी बेबो है। उन्होंने बताया कि बाइक से रोली गिर गई थी, जिससे वह घायल हो गई। घटना के बाद रोली को पीएचसी ले गए, जहां से शाहाबाद सीएचसी पर भेज दिया गया। वहां पहुंचते ही डॉक्टर ने रोली को मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मायके पक्ष को दी गई।
पिता ने लगया हत्या का आरोप
रोली के पिता सुशील कुमार ने बताया कि वर्ष 2011 में रोहित के साथ शादी की थी। गांव में उनके नाम जो भूमि है रोली के ससुरालीजन अपने नाम कराना चाहते थे, जिसके लिए इनकार करने पर रोली को प्रताड़ित करने लगे। इसी के चलते पति समेत पांच लोगों ने रोली को लाठी-डंडों से पीटा और इसके बाद हादसा बनाने के लिए सीएचसी ले गए, जहां पर डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं, पोस्टमार्टम में सिर में गंभीर चोटें लगने से रोली की मौत होने की पुष्टि हुई है। इसके साथ ही रोली के हांथ, कंधा, घुटने और चेहरे पर भी चोटें है। एसपी आलोक प्रियदर्शी ने बताया कि तहरीर मिली है मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications