हापुड़: केमिकल फैक्ट्री का बॉयलर फटने से हुआ बड़ा हादसा, 9 मजदूरों की मौत, 19 घायल
हापुड़, 04 जून: इस वक्त की बड़ी खबर उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले से आ रही है। यहां केमिकल फैक्ट्री का बॉयल फटने से 9 लोगों की मौत हो गई। जबकि 19 मजदूर घायल हो गए, जिनमें से कई मजदूर गंभीर रूप से घायल है। जिलाधिकारी ने इसकी जानकारी दी है। हादसे की सूचना पर फायर ब्रिगेड कई गाड़ियां घटना स्थल पर पहुंच गई। वहीं, पुलिस-प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंच गए। बताया जा रहा है कि अभी राहत और बचाव कार्य जारी है। फिलहाल पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। घटना पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुख जताया है।
Recommended Video

प्रधानमंत्री ने ट्वीट कर लिखा "उत्तर प्रदेश के हापुड़ की केमिकल फैक्ट्री में हुआ हादसा हृदय विदारक है। इनमें जिन लोगों को जान गंवानी पड़ी है उनके प्रति मैं अपनी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। घायलों के इलाज और दूसरी हर संभव सहायता के लिए राज्य सरकार तत्परता से जुटी है।"
हादसा हापुड़ जिले के धौलाना थाना क्षेत्र के यूपीएसआईडीसी इलाके में हुआ है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक, शनिवार दोपहर साढ़े तीन बजे के आसपास यूपीएसआईडीसी इलाके में स्थित केमिकल फैक्ट्री का बॉयलर धमाके के साथ फट गया। बॉयलर के फटने से फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। आग की चपेट में आने से 9 लोगों की मौत हो गई, करीब 19 लोग झुलसे हैं। अभी और भी मजूदरों के फैक्ट्री में फंसे होने की आशंका जताई जा रही है।
हादसे की खबर मिलते ही मौके पर पुलिस प्रशासन और अधिकारी मौके पर पहुंच गये हैं। फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां आग पर काबू पाने में जुटी हैं। आग से झुलसे लोगों को अस्पताल भेजा जा रहा है। फैक्ट्री में राहत बचाव कार्य भी जारी है। वहीं, प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हापुड़ जिले में बॉयलर फटने से हुए हादसे में हुई मजदूरों की मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त किया है। सीएम ने मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।
वहीं, मुख्यमंत्री ने आईजी और कमिश्नर समेत सभी आलाधिकारियों को तुरंत मौके पर पहुंचने और घटना की जांच के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा सीएम ने दुर्घटना में घायल हुए लोगों का समुचित उपचार कराए जाने के भी निर्देश दिए हैं। सीएम योगी के आदेश के बाद मेरठ आईजी प्रवीण कुमार और हापुड़ डीएम समेत कई अधिकारी मौके पर मौजूद हैं। ऐसा बताया जा रहा है कि अब तक 15 से ज्यादा लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिसमें से कुछ की हालत बेहद गंभीर है।












Click it and Unblock the Notifications