बेघर हो चुके लोगों को सिंधिया ने वितरित किए आवास के पट्टे तो खिल उठे मायूस लोगों के चेहरे
ग्वालियर में बेघर हुए लोगों को ज्योतिरादित्य सिंधिया के हाथों वितरित किए गए आवास के पट्टे
ग्वालियर, 12 सितंबर। 4 साल पहले अतिक्रमण हटाने के नाम पर सैकड़ों परिवारों को ग्वालियर में बेघर कर दिया गया था। तब से इन परिवारों को बीजेपी नेता मुन्नालाल गोयल द्वारा यह आश्वासन दिया जा रहा था कि उनके लिए सरकार की तरफ से कॉलोनी बसाई जाएगी और उन्हें फ्री में पट्टे भी दिए जाएंगे। बेघर हो चुके लोगों का यह सपना सोमवार को पूरा हो गया। बाल भवन में आयोजित एक कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने अपने हाथों से आवासहीन लोगों को पट्टे वितरित किए और उनका अपना घर का सपना साकार किया।

बाल भवन में आयोजित किया गया कार्यक्रम
आवासहीन लोगों को पट्टा वितरित करने के लिए बाल भवन में एक कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में शिरकत करने के लिए केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया पहुंचे। इसके अलावा कार्यक्रम में बीज विकास निगम के अध्यक्ष मुन्नालाल गोयल समेत जिला प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे। इसके साथ ही कार्यक्रम में पट्टा लेने आए हितग्राही भी बड़ी संख्या में पहुंचे।

220 हितग्राहियों को वितरित किए गए पट्टे
कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने अपने हाथों से हितग्राहियों को आवास के पट्टे वितरित किए। इस मौके पर हितग्राहियों के चेहरे खुशी से खिल उठे। 4 साल पहले घर टूटने की वजह से जिन जिन लोगों के चेहरे पर मायूसी छा गई थी उन लोगों के चेहरे आवास के पट्टे पाकर खुशी के मारे चमक उठे थे।

केदारपुर में दिए गए हैं आवासहीन लोगों को पट्टे
शिवपुरी लिंक रोड स्थित केदारपुर में आवासहीन लोगों को पट्टे दिए गए हैं। यहां 500 से ज्यादा गरीब लोगों को बसाने के लिए कॉलोनी विकसित की जा रही है। इस कॉलोनी में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, प्राइमरी स्कूल, अस्पताल, खेल मैदान और पानी की टंकी समेत पक्की सड़कें भी मुहैया करवाई जाएंगी।

मकान बनाने के लिए ढाई-ढाई लाख रुपए की सहायता भी दी जाएगी
बीज विकास निगम के अध्यक्ष मुन्नालाल गोयल ने जानकारी देते हुए बताया कि जिन लोगों को पट्टे वितरित किए गए हैं उन लोगों को घर तैयार करने के लिए ढाई-ढाई लाख रुपए की सहायता भी शासन की तरफ से दी जाएगी। जिससे वे स्वयं का घर बना सकें और कॉलोनी में अच्छे से रह सकें। कॉलोनी में रहने वाले लोगों को कोई दिक्कत ना हो इसके लिए सभी प्रकार की सुविधाएं भी कॉलोनी में जुटाई जाएंगी।

सिंधिया ने कहा-'मुन्ना लाल जी का सपना हुआ पूरा'
ज्योतिरादित्य सिंधिया ने मीडिया से चर्चा करते हुए कहा कि मुन्ना लाल जी का सपना पूरा हो गया है जब से अतिक्रमण हटाने के नाम पर लोग बेघर हुए थे तब से मुन्नालाल जी सपना देख रहे थे कि बेघर लोगों को घर मिले और अब मुन्ना लाल जी का सपना पूरा हो गया है, इसके साथ ही कॉलोनी में सड़क, बिजली, पानी, सामुदायिक भवन जैसी सुविधाएं भी दी जाएंगी।

पट्टे पाकर खुश हो गए हितग्राही
सिंधिया के हाथों आवास के पट्टे पाकर हितग्राहियों के चेहरे पर खुशी नजर आई। हितग्राहियों ने इसके लिए सिंधिया का धन्यवाद भी दिया। हितग्राहियों ने बताया कि जब उनके घर टूटे थे तो वह काफी परेशान हो गए थे लेकिन अब जब उन्हें नए घर मिल रहे हैं तो इससे अच्छी बात उनके लिए और कोई नहीं हो सकती है, इसके लिए उन्होंने सिंधिया का आभार भी व्यक्त किया है।












Click it and Unblock the Notifications