ग्वालियर में जूता फैक्ट्री में लगी भीषण आग, छत पर फंस गए कर्मचारी
ग्वालियर में जूता फैक्ट्री में भीषण आग लग गई, फैक्टी के कर्मचारियों ने फैक्ट्री की छत से पडोसी की छत पर कूदकर अपनी जान बचाई
ग्वालियर, 24 सितम्बर। ग्वालियर के इंडस्ट्रियल एरिया में स्थित एक जूता फैक्ट्री में शनिवार की दोपहर को भीषण आग लग गई। फैक्ट्री में लगे मीटर फटने की वजह से यह आग लगना बताया गया है। आग लगने की वजह से फैक्ट्री के अंदर मौजूद कर्मचारी फैक्ट्री के अंदर फंस कर रह गए। सभी लोग जान बचाने के लिए छत पर चढ़ गए। कर्मचारियों ने पड़ोस की छत पर कूद कर अपनी जान बचाई। 50 से ज्यादा फायर ब्रिगेड की गाड़ियां आग को बुझाने में लगी रहीं। देर शाम तक आग पर पूरी तरह काबू नहीं पाया जा सका।
Recommended Video

फैक्ट्री में अचानक लग गई आग
इंडस्ट्रियल एरिया में स्थित जूता फैक्ट्री में रोज की तरह शनिवार को भी कर्मचारी काम कर रहे थे तभी अचानक फैक्ट्री में आग लग गई। आग लगने का पता कर्मचारियों को उस वक्त लगा जब आग ने पूरी फैक्ट्री को ही अपने शिकंजे में ले लिया। आग की लपटों में पूरी फैक्ट्री घिर गई जिसके बाद फैक्ट्री के कर्मचारी अपनी-अपनी जान बचाने के लिए फैक्ट्री की छत पर चढ़ गए।

काफी देर तक कर्मचारी फंसे रहे आग के बीच
फैक्ट्री की आग छत पर पहुंच गई और धुएं का गुबार आसमान छूने लगा। यह नजारा देखकर फैक्ट्री की छत पर मौजूद कर्मचारियों की जान आफत में आ गई। कर्मचारियों को समझ में नहीं आ रहा था कि वे अपनी जान कैसे बताएं। कर्मचारियों ने फैक्ट्री से सटी हुई दूसरी छत पर छलांग लगा दी। दूसरी छत से कर्मचारियों ने नसेनी के सहारे नीचे उतर कर अपनी जान बचाई। पड़ोस की छत पर कूदने की वजह से कुछ कर्मचारी चोटिल भी हो गए लेकिन गनीमत यह रही जान बच गई।

आग की सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की गाड़ियां पहुंची मौके पर
फैक्ट्री में आग लगने की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ियां फैक्ट्री की आग बुझाने के लिए मौके पर पहुंचना शुरू हो गईं। फायर ब्रिगेड की गाड़ियां लगातार आग बुझाने का काम करती रही लेकिन देर शाम तक आग पर पूरी तरह काबू नहीं पाया जा सका। तकरीबन आधा सैकड़ा फायर ब्रिगेड की गाड़ियों का पानी आग पर फेंके जाने के बावजूद आग शांत नहीं हो सकी।

ऊर्जा मंत्री प्रद्युमन सिंह तोमर भी पहुंचे मौके पर
फैक्ट्री में आग लगने की जानकारी जब ऊर्जा मंत्री प्रद्युमन सिंह तोमर को लगी तो वह भी फैक्ट्री पर पहुंच गए। इसके साथ ही ग्वालियर कलेक्टर कौशलेन्द्र विक्रम सिंह और नगर निगम आयुक्त किशोर कन्याल भी फैक्ट्री पर पहुंचे। इतना ही नहीं ग्वालियर नगर निगम की महापौर शोभा सिकरवार भी फैक्ट्री पर पहुंचीं। यहां सभी लोग फैक्ट्री में लगी आपको बुझाने के लिए प्रयास करते हुए नजर आए।












Click it and Unblock the Notifications