ग्वालियर कोर्ट में पेशी पर आए ठगी के आरोपी की वकीलों ने की जमकर पिटाई
ग्वालियर में कोर्ट पेशी पर आए ठगी के आरोपी के साथ वकीलों ने की मारपीट
ग्वालियर, 12 सितंबर। ग्वालियर कोर्ट में सोमवार को पेशी पर लाए गए ठगी के एक आरोपी की वकीलों ने मिलकर जमकर पिटाई कर दी। वकीलों ने आरोपी को घेरकर जमकर पीटा। वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने जैसे तैसे वकीलों के चंगुल से आरोपी को छुड़ाया। पकड़े गए ठगी के आरोपी ने ग्वालियर के वकील के साथ दो लाख की ठगी की थी और इसी मामले में आरोपी की कोर्ट में पेशी थी।

अवधेश सिंह वकील के साथ हुई थी ठगी
ग्वालियर के एडवोकेट अवधेश भदोरिया के साथ ऑनलाइन ठगी हुई थी। अवधेश भदोरिया के मोबाइल में फोन पे काम नहीं कर रहा था और इसी के लिए उन्होंने जब कस्टमर केयर नंबर को गूगल से सर्च करके बात की तो शातिर ठग ने उनके खाते से दो लाख रुपए उड़ा दिए थे। इस बात की शिकायत अवधेश सिंह ने पुलिस में की थी।
पुलिस ने जयपुर से किया आरोपी को गिरफ्तार
पुलिस ने मामले की गंभीरता को समझते हुए जांच पड़ताल की तो पुलिस को मालूम हुआ कि ठगी करने वाला आरोपी जयपुर में मौजूद है। इसी सूचना पर से ग्वालियर पुलिस ने जयपुर से ठगी के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और उसे ग्वालियर ले आई।
सोमवार को कोर्ट में किया गया पेश
पुलिस ठगी के आरोपी को कोर्ट में पेश करने के लिए सोमवार को पहुंची थी लेकिन यहां वकीलों को यह मालूम चल गया कि ठगी के आरोपी की पेशी होने वाली है तो वकीलों ने आरोपी की पिटाई करने के लिए पूरी तैयारी कर ली। जैसे ही ठगी का आरोपी कोर्ट में पहुंचा तो वकील उस पर टूट पड़े।
वकीलों ने की जमकर पिटाई
ठगी के आरोपी शेरआजम अंसारी को घेरकर वकीलों ने जमकर पीटा। वहां मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने वकीलों को रोकना चाहा लेकिन वकील नहीं माने। इस दौरान काफी जद्दोजहद के बाद सुरक्षाकर्मी वकीलों के चंगुल से ठगी के आरोपी को निकाल कर ले गए और उसे कोर्ट में पेश किया।












Click it and Unblock the Notifications