बीजेपी में आकर भी कायम है ज्योतिरादित्य सिंधिया का जलवा
ज्योतिरादित्य संधिया का रुतबा आज भी कायम है, संतरी से लेकर मंत्री तक सिंधिया के स्वागत के लिए कतार में खड़े नजर आते हैं।
ग्वालियर, 19 मई। ज्योतिरादित्य सिंधिया का जलवा आज भी कायम है। उनके इंतजार में संतरी से लेकर मंत्री तक कतार में खड़े नजर आते हैं। चाहे कोई आम सिंधिया समर्थक हो या सरकार का खास मंत्री हो, सभी लोग कतार में लगकर ज्योतिरादित्य सिंधिया का स्वागत करते हैं, पहले सिंधिया के गले में माला पहनाते हैं और फिर झुक कर उनके पैरों को छूकर प्रणाम करते हैं।


ज्योतिरादित्य सिंधिया जब भी ग्वालियर आते हैं तो रेलवे स्टेशन पर उनके स्वागत के लिए सैकड़ों लोगों की लंबी कतार लग जाती है। लोग अपने हाथों में फूल माला लेकर ज्योतिरादित्य सिंधिया के स्वागत के लिए अनुशासन के साथ कतार में खड़े हो जाते हैं। जब ज्योतिरादित्य सिंधिया एक-एक करके सभी लोगों से मिलते हैं तो लोग उन्हें फूल माला पहनाते हुए पैर छूकर उनका आशीर्वाद लेना नहीं भूलते हैं।
मंत्री भी कतार में खड़े होकर करते हैं महाराज सिंधिया का इंतजार
ज्योतिरादित्य सिंधिया का रुतबा इतना बड़ा है कि दिग्गज से दिग्गज मंत्री भी उनके लिए किसी साधारण आदमी की तरह कतार में खड़े होकर इंतजार करते हैं। बुधवार की रात को जब ज्योतिरादित्य सिंधिया ग्वालियर रेलवे स्टेशन पर पहुंचे तो जिले के प्रभारी मंत्री तुलसी सिलावट समेत मध्य प्रदेश सरकार के ऊर्जा मंत्री प्रद्युमन सिंह तोमर जनता के साथ कतार में खड़े नजर आए, उनके साथ लघु उद्योग निगम की अध्यक्ष और पूर्व मंत्री इमरती देवी भी सिंधिया का आशीर्वाद पाने के लिए कतार में खड़ी रहीं। जैसे ही ज्योतिरादित्य सिंधिया इनके पास पहुंचे तो सभी ने सिंधिया को माला पहना कर उनके पैर छूकर आशीर्वाद लिया।
पार्टी बदलने से भी कम नहीं हुआ सिंधिया का ग्लैमर
ज्योतिराज सिंधिया जब कांग्रेस पार्टी में थे तब भी उनका इतना ही ग्लैमर था, जितना उनका आज बीजेपी पार्टी में रहते हुए है। कांग्रेस पार्टी में रहते हुए भी ज्योतिरादित्य सिंधिया का स्वागत करने के लिए इसी तरह सैकड़ों की संख्या में लोग लाइन में खड़े हो जाते थे और बीजेपी पार्टी में भी ज्योतिरादित्य सिंधिया का यही जलवा देखने को मिलता है। बीजेपी में आने के बाद ज्योतिरादित्य सिंधिया के स्वागत के लिए लगने वाली कतार और भी लंबी हो गई है।
दिग्विजय सिंह की बात नहीं हुई सही साबित
मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह ने ये बात कही थी कि ज्योतिरादित्य सिंधिया कांग्रेस मे महाराज थे लेकिन बीजेपी में आकर वे भाईसाहब हो गए हैं। दिग्विजय सिंह द्वारा कही गई ये बात सही साबित नहीं हो सकी। जिस तरह से सिंधिया को माला पहनाकर पैर छूकर उनका आशीर्वाद लेने वालों की संख्या में इजाफा हुआ है, उससे तो यही लगता है कि बीजेपी में आकर भी सिंधिया अभी भी महाराज ही हैं।












Click it and Unblock the Notifications