एमपी:दिग्विजय सिंह ने पीएफआई से की थी आरएसएस की तुलना, गृह मंत्री ने किया पलटवार
ग्वालियर में डॉ.नरोत्तम मिश्रा ने कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह पर किया पलटवार, दिग्विजय सिंह ने की थी पीएफआई से आरएसएस की तुलना
ग्वालियर, 26 सितम्बर। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह द्वारा पीएफआई से आरएसएस की तुलना किए जाने वाले बयान पर गृहमंत्री डॉ नरोत्तम मिश्रा ने पलटवार किया है। डॉक्टर नरोत्तम मिश्रा ने कहा है कि जो व्यक्ति जाकिर नाइक को शांति दूत बताते हो उनसे उम्मीद भी क्या की जा सकती है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि आरएसएस को दिग्विजय सिंह के प्रमाण पत्र की जरूरत नहीं है।
Recommended Video

ग्वालियर में आयोजित कार्यक्रम में शिरकत करने पहुंचे थे गृहमंत्री
गृह मंत्री डॉ नरोत्तम मिश्रा रविवार की रात को ग्वालियर में आयोजित एक कार्यक्रम में शिरकत करने के लिए पहुंचे थे। यहां उन्होंने मीडिया से भी बातचीत की। मीडिया ने जब गृह मंत्री डॉ नरोत्तम मिश्रा से पूछा कि दिग्विजय सिंह ने पीएफआई से आरएसएस की तुलना की है तो इस पर गृहमंत्री ने अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि जो व्यक्ति जाकिर नाइक को शांति दूत बताते हैं उनसे उम्मीद भी क्या की जा सकती है। इसके साथ ही गृहमंत्री ने राहुल गांधी और दिग्विजय सिंह पर निशाना साधते हुए कहा कि दोनों ही लोग पदयात्रा पर हैं, एक अमेठी से हारे थे और एक भोपाल से हारे थे।
दिग्विजय सिंह के प्रमाणपत्र की जरूरत नहीं है
गृह मंत्री डॉ नरोत्तम मिश्रा ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि यह वह लोग हैं जो भारत तेरे टुकड़े होंगे इंशाल्लाह इंशाल्लाह बोलने वालों से जेएनयू में सबसे पहले मिलने पहुंचे थे, दिग्विजय सिंह जाकिर नाइक को शांति दूत बताते हैं और ओसामा को जी लगाते हैं, ऐसे लोग राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ को कैसे समझ सकते हैं इसलिए आरएसएस को दिग्विजय सिंह के प्रमाण पत्र की जरूरत नहीं है।
कांग्रेसी एक डूबता जहाज है
गृह मंत्री डॉ नरोत्तम मिश्रा ने बयान देते हुए कहा है कि कांग्रेस एक डूबता जहाज है जैसे-जैसे पदयात्रा आगे आती जाएगी, अभी गोवा में डूबी है उससे पहले गुलाम नबी आजाद निकले थे, उससे पहले कपिल सिब्बल निकले थे, आनंद शर्मा ने इस्तीफा दिया था, मध्यप्रदेश के पूर्व विधायक चले गए, राजस्थान में भी आप इस सप्ताह देखेंगे अद्भुत होगा।












Click it and Unblock the Notifications