पंचायत चुनाव में गुड्डा डकैत गिरोह की आहट, पुलिस अलर्ट
ग्वालियर और मुरैना के कई गांव में पंचायत चुनाव के दौरान डकैत गुड्डा गुर्जर गिरोह की दस्तक, पुलिस अलर्ट मोड पर
ग्वालियर, 8 जून। ग्वालियर और चंबल में हो रहे पंचायत चुनावों में डकैत गिरोह की आहट सुनाई देने लगी है। इन दिनों ग्वालियर चंबल अंचल में सक्रिय डकैत गुड्डा गुर्जर गिरोह का मूवमेंट होने की जानकारी पुलिस को मिल रही है। पुलिस को ऐसा अंदेशा है कि गुड्डा डकैत पंचायत चुनाव को प्रभावित कर सकता है इसलिए ग्वालियर और मुरैना पुलिस ने मिलकर डकैत गुड्डा गिरोह को पकड़ने के लिए ग्वालियर और उसके आसपास के इलाकों में सर्चिंग शुरू कर दी है।

ग्वालियर पुलिस को अब तक जो जानकारी मिली है उस हिसाब से ग्वालियर के तिघरा से मोहना तक करीब 25 ग्राम पंचायतों में डकैत गिरोह के दखल की भनक पुलिस को लगी है। इन सभी पंचायतों में डकैत गुड्डा गुर्जर का डर बैठा हुआ है। पुलिस को डकैत गिरोह की मोहना और घाटी गांव के जंगलों में लगातार लोकेशन मिल रही है। इस वजह से जहां पुलिस टेंशन में है तो वहीं ग्रामीण भी दहशत में है।

डकैत गुड्डा गुर्जर का आतंक ग्वालियर के अलावा मुरैना के भी कई गांव में है। ग्वालियर और मुरैना के कई गांव में गुड्डा गैंग पर लूट हत्या मवेशी चोरी और पत्थर माफियाओं से टेरर टैक्स वसूलने के मामले सामने आए हैं। थानों में इन मामलों को लेकर एफआईआर भी दर्ज की गई है।
5 दिन पहले मुरैना के एक गांव में डकैत गिरोह ने की थी फायरिंग
महज 5 दिन पहले ही डकैत गुड्डा गुर्जर गिरोह द्वारा मुरैना के एक गांव में फायरिंग करके अपनी मौजूदगी का एहसास ग्रामीणों को दिलाया गया था। इस बात को लेकर भी आसपास के इलाके के ग्रामीण दहशत में हैं। ऐसे में डकैत गुड्डा गुर्जर गैंग ग्वालियर और मुरैना के गुर्जर बाहुल्य इलाके को पंचायत चुनाव के दौरान प्रभावित करने का कार्य करता है तो यह खबर पुलिस प्रशासन के लिए परेशानी खड़ी कर सकती है।
5 महीने पहले भी पंचायत चुनाव के ऐलान के समय डकैत गिरोह की हुई थी आमद
5 महीने पहले भी जब पंचायत चुनाव की घोषणा की गई थी उस वक्त भी डकैत गुड्डा गुर्जर गिरोह समेत डकैत कल्ली गुर्जर और जसवंत गुर्जर की गैंग भी ग्वालियर और मुरैना के आसपास के इलाकों में घूम रही थी। हालांकि उस दौरान मुरैना पुलिस ने कल्ली और जसवंत को घेर लिया लेकिन अभी भी पुलिस के हाथों से डकैत गुड्डा गुर्जर का गैंग बाहर ही है।
ग्वालियर, मुरैना और शिवपुरी की पुलिस कर रही है डकैत गिरोह को घेरने की कोशिश
गुड्डा गुर्जर पर ₹35000 का इनाम पुलिस की तरफ से घोषित किया गया है। ऐसे में पंचायत चुनाव में गुड्डा गुर्जर पंचायत चुनाव को प्रभावित कर सकता है। इसके लिए ग्वालियर, मुरैना और शिवपुरी पुलिस लगातार इस गैंग को पकड़ने की कोशिश कर रही है। पुलिस को यह सूचना मिल रही है कि गुड्डा गुर्जर अपने समाज के प्रत्याशियों को जिताने के लिए ग्रामीणों पर दबाव बना सकता है इसलिए पुलिस लगातार इस गिरोह की तलाश में जुटी हुई है।












Click it and Unblock the Notifications