रणजी चैंपियन टीम के खिलाड़ियों के परिजनों को सीएम ने किया सम्मानित
ग्वालियर में सीएम शिवराज सिंह ने किया रणजी ट्रॉफी जीतने वाली मध्यप्रदेश क्रिकेट टीम के खिलाड़ियों के परिजनों को सम्मानित
ग्वालियर, 26 जून। रविवार को मध्य प्रदेश की क्रिकेट टीम ने रणजी टॉफी पर कब्जा करते हुए मध्य प्रदेश का नाम रोशन कर दिया। सीएम शिवराज सिंह चौहान ने ग्वालियर पहुंचकर रणजी चैंपियन टीम के खिलाड़ियों के परिजनों को शॉल श्रीफल देकर सम्मानित किया। इस मौके पर ग्वालियरवासी काफी उत्साहित नजर आए।

यह पहली बार हुआ है जब मध्य प्रदेश की क्रिकेट टीम रणजी ट्रॉफी जीत सकी है। सीएम शिवराज सिंह चौहान रणजी ट्रॉफी जीतने पर काफी प्रसन्न नजर आए। सीएम शिवराज सिंह चौहान रविवार को जब ग्वालियर पहुंचे तो यहां उन्होंने अपनी खुशी का इजहार भी किया। उन्होंने बताया कि मध्यप्रदेश की क्रिकेट टीम ने इतिहास रच दिया है।
पूरी क्रिकेट टीम को किया जाएगा सम्मानित
सीएम शिवराज सिंह चौहान ने इस मौके पर मध्य प्रदेश क्रिकेट टीम के कोच और खिलाड़ियों को बधाई दी। इसके साथ ही सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि जब पूरी टीम मध्य-प्रदेश पहुंचेगी तो यहां उनका भव्य स्वागत किया जाएगा और उन्हें पुरस्कृत करते हुए उन्हें सम्मानित भी किया जाएगा।
ग्वालियर एयरपोर्ट पर खिलाड़ियों के परिजनों का किया गया सम्मान
रविवार को जब सीएम शिवराज सिंह चौहान ग्वालियर एयरपोर्ट पर पहुंचे तो यहां उन्होंने रणजी चैंपियन टीम के खिलाड़ियों के परिजनों का सम्मान भी किया। मध्य प्रदेश क्रिकेट टीम में शामिल विक्रांत भदौरिया के पिता राजेश भदौरिया और उनकी मां संगीता भदौरिया का सम्मान किया गया। इसके साथ ही दूसरे खिलाड़ी अंकित शर्मा के पिता नागेंद्र शर्मा को भी सम्मानित किया गया। खिलाड़ियों के परिजनों को शॉल श्रीफल देकर पुष्पहार पहनाया गया और मिठाई से उनका मुंह मीठा किया गया।
ग्वालियर शहर के लोगों में भी दिखा उत्साह
रणजी ट्रॉफी पर जीत हासिल करने वाली मध्य प्रदेश क्रिकेट टीम के दो खिलाड़ी ग्वालियर से हैं। इस बात की जानकारी जब ग्वालियरवासियों को लगी तो ग्वालियरवासी काफी प्रसन्न नजर आए और ग्वालियरवासियों में खासा उत्साह भी देखने को मिला।
खिलाड़ियों के परिजनों के सम्मान कार्यक्रम में मौजूद रहे अन्य मंत्री
एयरपोर्ट पर आयोजित किए गए मध्य प्रदेश क्रिकेट टीम के खिलाड़ियों के परिजनों के सम्मान कार्यक्रम में ग्वालियर जिले के प्रभारी मंत्री तुलसी सिलावट समेत ऊर्जा मंत्री प्रद्युमन सिंह तोमर और मध्य प्रदेश के उद्यानिकी मंत्री भारत सिंह कुशवाहा भी मौजूद रहे।












Click it and Unblock the Notifications