एमपी: गरीब हो या अमीर, सरकार बांटेगी सबको 'पीले चावल'
ग्वालियर में 16 अक्टूबर को आएंगे अमित शाह, नए एयर टर्मिनल का करेंगे शिलान्यास, शिवराज सरकार कार्यक्रम की तैयारियों में जुटी, 1 लाख लोगों की भीड़ जुटाने का रखा लक्ष्य, घर-घर जाकर देंगे लोगों को पीले चावल
ग्वालियर, 10 अक्टूबर। ग्वालियर में सरकार अब घर-घर जाकर पीले चावल बांटेगी। सुनने में थोड़ा अजीब जरूर लग रहा है लेकिन खास बात यह है कि पीले चावल के लिए किसी भी राशन कार्ड और पात्रता पर्ची की जरूरत नहीं होगी। आपको बताते हैं क्या है पूरा मामला।

16 अक्टूबर को अमित शाह आने वाले हैं ग्वालियर
16 अक्टूबर को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ग्वालियर आने वाले हैं। गृह मंत्री अमित शाह ग्वालियर में नए एयर टर्मिनल के लिए शिलान्यास करेंगे। इसे लेकर मध्य प्रदेश की पूरी सरकार तैयारियों में जुट गई है। सीएम शिवराज सिंह चौहान समेत उनके मंत्रिमंडल के अन्य मंत्री अमित शाह के इस कार्यक्रम को लेकर जोर-शोर से तैयारियां कर रहे हैं।

एक लाख लोगों की भीड़ जुटाने का रखा है लक्ष्य
पिछले दिनों सीएम शिवराज सिंह चौहान ग्वालियर आए थे। यहां पर उन्होंने एक निजी होटल में ग्वालियर जिले के पुलिस-प्रशासन के अधिकारियों की बैठक ली थी। इसके साथ ही उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों की बैठक भी ली थी। सीएम शिवराज सिंह चौहान ने साफ शब्दों में कह दिया था कि कार्यक्रम में कोई भी लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसके साथ ही सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कार्यक्रम के लिए एक लाख लोगों की भीड़ जुटाने का लक्ष्य भी रख दिया।

अब लोगों की भीड़ जुटाने के लिए सरकार बांटेगी पीले चावल
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के कार्यक्रम में लोगों की भीड़ जुटाने के लिए अब सरकार घर-घर जाकर पीले चावल बांटेगी। ग्वालियर में मध्य प्रदेश सरकार के ऊर्जा मंत्री प्रदुमन सिंह तोमर समेत बीजेपी के अन्य पदाधिकारी घर-घर जाकर लोगों को पीले चावल बाटेंगे और उन्हें कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आमंत्रित करेंगे।

नितिन गडकरी के कार्यक्रम से पहले भी बांटे थे पीले चावल
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी पिछले दिनों ग्वालियर में एलिवेटेड रोड समेत अन्य विकास कार्यों का भूमि पूजन करने के लिए आए थे। केंद्रीय गृह मंत्री नितिन गडकरी के कार्यक्रम में भीड़ जुटाने के लिए भी ऊर्जा मंत्री प्रद्युमन सिंह तोमर समेत अन्य बीजेपी नेताओं ने लोगों को पीले चावल बांटे थे लेकिन कार्यक्रम में कमी रह गई। इसकी नाराजगी भी सीएम शिवराज सिंह चौहान ने ग्वालियर में अधिकारियों के साथ हुई बैठक में जाहिर की थी। उन्होंने साफ शब्दों में कहा था कि जो गलतियां पहले हुईं वह इस बार ना हो जाएं। इस बार शिवराज सरकार कोई भी कमी बर्दाश्त नहीं करेगी लिहाजा कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए जिला प्रशासन समेत सरकार पूरा जोर लगा रही है।












Click it and Unblock the Notifications