लोगों ने हमें आशीर्वाद दिया, असम में फिर भाजपा की सरकार बनेगी: सर्बानंद सोनोवाल
गुवाहाटी। देश के 5 राज्यों में हुए विधानसभा चुनाव के आज नतीजे आए। मौजूदा समय में सर्वाधक राज्यों की सत्ता पर काबिज भाजपा को इन पांचों में से एक में जीत मिली है। यह राज्य है असम। असम में भाजपा लगातार सरकार बनाने जा रही है। असम के मुख्यमंत्री रहे सर्बानंद सोनोवाल अपनी जीत को लेकर आश्वस्त थे। रुझानों में मिली बढ़त का जिक्र करते हुए आज सुबह उन्होंने कहा कि, जनता ने हमें आशीर्वाद दिया है। ट्रेंड हमारे पक्ष में ही हैं। भाजपा की फिर सरकार बनेगी।
सर्बानंद सोनोवाल ने संवाददाताओं से कहा, "असम विधानसभा चुनाव परिणाम 2021, जनता का भाजपा को आर्शीवाद है। हम यह सुनिश्चित कर सकते हैं कि असम में भाजपा सरकार बनाएगी।"

यह पूछे जाने पर कि क्या सत्ताधारी गठबंधन 100 सीटों को हासिल करने में सक्षम होगा, जैसा कि चुनावों से पहले भगवा खेमे ने दावा किया था, इस पर सर्बानंद ने कहा, "रुझान पूरी तरह से भाजपा के पक्ष में हैं। पार्टी अपना लक्ष्य हासिल कर लेगी। हालांकि, अभी आखिरी गिनती तक इंतजार करना पड़ेगा। और, हम फाइनल रिजल्ट की प्रतीक्षा करेंगे।"
चुनाव आयोग की वेबसाइट पर दिखाए गए रुझान के मुताबिक, सत्तारूढ़ भाजपा की अगुवाई वाली एनडीए असम में कांग्रेस की अगुवाई वाले महागठबंधन से आगे थी। 12.15 बजे तक भाजपा प्लस 119 सीटों में से 77 सीटों पर आगे थी। उधर, सोनोवाल माजुली निर्वाचन क्षेत्र में आगे चल रहे हैं।
न्यूज एजेंसी द्वारा बताया गया कि, भारतीय जनता पार्टी के नेता हेमंता बिस्वा सरमा जलुकबारी सीट से आगे चल रहे हैं। चुनाव आयोग के मुताबिक, असम विधानसभा चुनाव में फिलहाल 60 सीटों पर भाजपा, 26 सीटों पर कांग्रेस, 11 सीटों पर ऑल इंडिया यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट और 11 सीटों पर असम गण परिषद आगे चल रही है।












Click it and Unblock the Notifications