गुजरात में 300 टूरिज्म साइट पर हर महीने आ रहे 50 लाख से ज्यादा टूरिस्ट्स, स्टैच्यू ऑफ यूनिटी टॉप पर
गांधीनगर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गृहराज्य गुजरात में अब पर्यटकों का आवागमन तेजी से बढ़ रहा है। यहां विविध तरह के 300 प्रसिद्ध स्थलों पर हर महीने 50 लाख से ज्यादा लोग आ रहे हैं। "वर्ल्ड टूरिज्म डे-2021" के मौके पर पर्यटन विभाग द्वारा जारी आंकड़ों में बताया गया कि, यहां वर्ष 2018-19 में 575.91 लाख लोग बतौर पर्यटक गुजरात आए थे। उसके बाद 2019-20 में 609.29 लाख और 2020-21 में 118.02 लाख लोग गुजरात के अतिथि बने। वर्ष 2018-19 में यह औसत प्रतिमाह 47.99 लाख लोगों का रहा था। उसके बाद 2019-20 में 50.47 लाख और फिर 2020 से कोरोनाकाल के बीच प्रति माह 9.84 लाख पर्यटकों ने गुजरात के पर्यटन स्थलों को घूमा। विभाग का कहना है कि, दुनिया की सबसे उूंची प्रतिमा "स्टैच्यू आॅफ यूनिटी" के लोकार्पण के बाद से यहां पर्यटकों की संख्या में तेजी से उछाल आया है। प्रतिमाह यहां लगभग 50 लाख टूरिस्ट्स आते हैं।

गुजरात में 300 से ज्यादा दर्शनीय स्थल
गुजरात पर्यटन विभाग के अनुसार, गुजरात न सिर्फ विकास के लिए जाना जाता है..बल्कि पर्यटन स्थलों के मामले में भी काफी आगे हैं। यहां सोमनाथ, द्वारका, अंबाजी समेत 117 स्थल धार्मिक स्थलों के रूप में जाने जाते हैं। यहां कई समुद्र तट (beach) भी हैं। जिनमें शिवराजपुर एवं मांडवी समेत 21 बीच प्रख्यात हैं। यहां के कई स्थल वर्ल्ड हैरिटेज की सूची में भी शामिल हैं। गांधी प्रेमियों के लिए यहां राजकोट, पोरबंदर, कोचरब समेत 5 प्रमुख स्थल हैं।

इसलिए गुजरात आने वालों की संख्या बढ़ी
विभाग की वेबसाइट पर बताया गया कि, गुजरात में 7 बर्ड वॉचिंग साइट, 49 इको टूरिज्म साइट, राज्य में 5 गांधी सर्किट साइट, 58 हेरिटेज साइट, 52 म्यूजियम और 19 वीकेंड गेटवेज हैं। यह राज्य तेंदुए और शेरों के लिए भी विश्व विख्यात है। यहां दुनिया में सबसे ज्यादा शेर रहते हैं। यह एशियाई शेरों का गढ़ है। यहां शेरों के लिए विकसित किए गए अभ्यारण्य दुनियाभर के पर्यटकों के बीच आकर्षण का केन्द्र हैं।

स्टैच्यू ऑफ यूनिटी का रिकॉर्ड
इस साल दुनिया की सबसे उूंची प्रतिमा 'स्टैच्यू ऑफ यूनिटी' को देखने वालों की तादाद लाखों में रही। बीते ढाई साल में इसे 50 लाख से ज्यादा पर्यटक देखने पहुंचे। बता दें कि, इस प्रतिमा का गुजरात में नर्मदा के तट पर केवडिया नामक स्थान पर अक्टूबर 2018 में लोकार्पण हुआ था। लोकापर्ण के बाद से ही यहां हर दिन देश-विदेश से 10 से 15 हजार पर्यटक पहुंच रहे थे। दिवाली-नवरात्रि के सीजन में तो हर रोज पर्यटकों की संख्या 20 से 30 हजार प्रतिदिन हो गई।

हालांकि, पिछले साल फरवरी महीने से 'स्टैच्यू ऑफ यूनिटी' को पर्यटकों के लिए बंद करना पड़ा। यह रोक सफाई कार्य और कोरोना के चलते लगी। उसके बाद 2020 की दिवाली से यहां फिर से लोग इसके दीदार करने पहुंचने लगे। अब पर्यटकों का जमावड़ा लग रहा है।












Click it and Unblock the Notifications