अब गुजरात में बनेगा दुनिया का सबसे सस्ता स्मार्टफोन, जियो-गूगल के मालिक प्लांट की लोकेशन देखने आए
अहमदाबाद। दुनिया का सबसे सस्ता स्मार्टफोन अब गुजरात में बनेगा। ऐसे स्मार्टफोन को दुनिया की 2 सबसे बड़ी डिजिटल कंपनियां गूगल और रिलायंस जियो मिलकर बनाएंगी। इसके लिए जियो और गूगल के अधिकारी अहमदाबाद जिला स्थित धोलेरा स्पेशल इन्वेस्टमेंट रीजन पहुंचे, जहां उन्होंने प्लांट की लोकेशन देखी।

धोलेरा में बनेंगे दुनिया के सबसे सस्ते स्मार्टफोन
बता दिया जाए कि, पिछले दिनों ही रिलायंस इंडस्ट्रीज ने अपनी 44वीं एनुअल जनरल मीटिंग (एजीएम) में सबसे सस्ता स्मार्टफोन लॉन्च करने का ऐलान किया था। जिसका नाम उसने "जियोफोन नेक्स्ट" बताया था। उसके बारे में ही कहा जा रहा है कि, यह दुनिया का सबसे सस्ता स्मार्टफोन होगा। इसकी कीमत 4 हजार रुपए के आस-पास बताई जा रही है। हालांकि, अभी जियो ने अधिकारिक घोषणा नहीं की है।

देश की पहला स्मार्ट सिटी कही जाती है धोलेरा
अहमदाबाद सिटी से करीब 40 किमी दूर धोलेरा स्पेशल इन्वेस्टमेंट रीजन (धोलेरा सर) को देश के पहले स्मार्ट सिटी के तौर पर जाना जाता है। साल 2015 के आसपास केंद्र सरकार ने इसके लिए 2,486 करोड़ रुपये मंजूर किए। जैसा कि, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की देश में 100 स्मार्ट सिटी बनाए जाने की योजना है, तो उसी के तह धोलेरा को स्मार्टसिटी के रूप में विकसित किया जा रहा है। दरअसल, धोलेरा के बारे में कई दस्तावेज खंगालने पर पता चलता है कि भारत की इस पहली स्मार्ट और फ्यूचरिस्टिक सिटी को अहमदाबाद के पास सिंधु घाटी सभ्यता के विकसित शहर 'लोथल' के पास बसाया गया है।

22 वर्ग किमी में फैली है धोलेरा सिटी
धोलेरा सिटी लगभग 22 वर्ग किलोमीटर में बसाई जा रही है। कहा जा रहा है कि यह शहर सिंगापुर से भी आकार में करीब डेढ़ गुना बड़ा होगा और इसमें केवल इलेक्ट्रिक वाहन चलेंगे। मनपा के अधिकारी तो यहां तक कहते हैं कि, यहां पानी की बूंद भी व्यर्थ नहीं जाएगी। टॉयलेट, बाथरूम व सीवरेज के पानी को फिर से उपयोग किया जा सकेगा। इतना ही नहीं, यहां से समुद्री व आकाश के व्यापार को भी नए पंख लगेंगे।












Click it and Unblock the Notifications