VIDEO: बारिश से गुजरात में भारी नुकसान, कई जिले जलमग्न, हजारों लोग फंसे, यूं चल रहा बचाव कार्य
अहमदाबाद। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गृहराज्य गुजरात में मानसूनी बारिश कहर बरपा रही है। भारी वर्षा के चलते कई जिले जलमग्न हो गए हैं। नदियां उफान पर हैं और सड़कें पानी में डूब रही हैं। घरों के अंदर पानी घुस गया है। लोगों का बाहर निकलना या फंसे लोगों का घर पहुंचना मुश्किल हो गया है। मौसम विभाग ने अगले 5 दिनों तक यहां और बारिश की संभावना जताई है। एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, भारतीय तटरक्षक बल समेत पुलिस की टीमें राहत एवं बचाव कार्यों में जुटी हैं।

आपदा के बीच 3 हजार से ज्यादा लोगों का रेस्क्यू
आज तटरक्षक बलों ने हेलिकॉप्टर के जरिए काफी लोगों को रेस्क्यू किया। आईसीजी आॅफिसर के मुताबिक, गुजरात की अंबिका नदी के तट पर अचानक बाढ़ के कारण कुछ लोग बीच में फंस गए। उन्हें बचाने के लिए वलसाड के कलेक्टर के अनुरोध पर, भारतीय तटरक्षक ने चेतक हेलीकॉप्टर लेकर आॅपरेशन शुरू किया। तेज हवाओं और भारी बारिश में मामूली दृश्यता के बावजूद मौके से 16 लोगों को बचाया गया। इस रेस्क्यू आॅपरेशन का वीडियो भी सामने आया है।
Recommended Video

अगले 5 दिन तक भारी बारिश का अलर्ट
यहां आप हेलिकॉप्टर के जरिए लोगों के बचाव का वीडियो देख सकते हैं। NDRF के एक अधिकारी ने बताया कि, गुजरात के कई जिलों में हालत बेहद चिंताजनक हैं। लाखों लोग बाढ़ जैसी स्थिति का सामना कर रहे हैं।

NDRF की 13 और SDRF की 16 प्लाटून तैनात
गुजरात के दक्षिण और मध्य के 6 जिले छोटा उदेपुर, डांग, नर्मदा, वलसाड, नवसारी और पंचमहाल में बाढ़ के कारण स्कूल-कॉलेज बंद कर दिए गए हैं। सबसे ज्यादा नवसारी और वलसाड जिले प्रभावित हुए हैं। फिलहाल, NDRF की 13 और SDRF की 16 प्लाटून की टीमें तैनात की गई हैं।

कहां से कितने लोगों को निकाला गया?
आज दोपहर की एक रिपोर्ट के मुताबिक, वडोदरा से SDRF की 1 प्लाटून मदद के लिए छोटा उदयपुर भेजी गई है। छोटा उदेपुर से 400, नवसारी में 550,वलसाड में 470 लोगों सहित राज्य में 3250 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। राज्य में कल यानी कि 10 जुलाई को भारी बारिश के कारण 388 सड़कें बंद रहीं।

इतना पानी कि पुल ही बह गया
गुजरात के ताप्ती जिले में एक पुल भारी बारिश की वजह से बह गया। इस इलाके में पिछले दो दिनों से बारिश हो रही है। आज भी यहां खूब बादल बरसे। कई ऐसे तस्वीरें आई हैं, जिनसे अंदाजा लगाया जा सकता है कि हालात कितने मुश्किल भरे हो गए हैं। कई शहरों में लोग घरों में ही रहने को मजबूर हैं।












Click it and Unblock the Notifications