सूखी नदी में खेल रहे थे 3 भाई, अचानक धंसी जमीन तो उसी में दब गए तीनों
भुज। गुजरात में भुज के खावड़ा के पास धोब्रना गांव से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां गांव के पास एक सूखी नदी में गढ्ढा खोद कर तीन भाई घर-घर खेल रहे थे। तभी वहां जमीन नीचे धंस गई। वे तीनों उसी में दब गए और उनकी मौत हो गई। उधर, परिजनों को जब काफी देर तक वे नहीं मिले तो उन्हें खोजने निकले। वे उन्हें खोजते हुए उसी नदी पर आए। जहां उस बेपानी वाली नदी के रेत में एक की चप्पल नजर आई तो घटनाक्रम उजागर हुआ।
जिसके बाद गांववालों की मदद से मिट्टी हटवाकर तीनों भाइयों के शव बरामद किए गए। गांव में एक परिवार के ही तीन भाइयों की मौत होने पर कोहराम मच गया। रोते हुए एक वृद्ध ने बताया कि, तीनों बच्चे चचेरे भाई थे, जिनका नाम मुनीर, कलीम और रजा था। वो सूखी नदी में घर-घर खेल रहे थे। तभी जमीन धंसी और उसी में समा गए। जब पता चला तो रेत के ढेर से निकालने के बाद हम लोग उन्हें एक अस्पताल भी ले गये। पर वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलने पर पुलिस आई। पुलिस ने घटना की पड़ताल शुरू कर दी। बताया गया कि, मृतकों की पहचान मुनीर कादर 13 साल, कलीम उल्लाह भिलाल 16 साल और रजा उल्लाह राशिद 14 साल के तौर पर हुई है। उनकी मौत के बाद से ध्रोबणा गांव में शोक का माहौल है। परिवार में तीन बच्चों की मौत के बाद से मातम पसरा हुआ है।