अहमदाबाद से 1 हजार लोगों से भरी रेल दिल्ली रवाना हुई, हाई टेंपरेचर वाले 25 यात्री नहीं चढ़ने दिए
अहमदाबाद। गुजरात में अहमदाबाद से एक स्पेशल ट्रेन करीब एक हजार यात्रियों को लेकर दिल्ली की ओर चल पड़ी। यह ट्रेन साबरमती रेलवे स्टेशन से मंगलवार शाम को रवाना हुई। अधिकारियों ने बताया कि, इस ट्रेन में सवार यात्रियों में ज्यादातर वो लोग थे जो गत मार्च में लॉकडाउन घोषित होने के बाद गुजरात में ही रह गए थे। हालांकि, 25 यात्री उक्त ट्रेन में नहीं सवार होने दिए क्योंकि उनका टेंपरेचर ज्यादा पाया। यानी, हो सकता है कि वे लोग कोरोना संक्रमित हों। उनकी जांच रिपोर्ट आने पर ही उनका आगे कुछ होगा।

मंडल रेल प्रबंधक दीपक झा ने कहा, ''पूर्ण वातानुकूलित विशेष ट्रेन बुधवार को दिल्ली पहुंचेगी। यह ट्रेन 864 किलोमीटर का सफर तय करेगी और रास्ते में पालनपुर, आबू रोड, जयपुर और गुरुग्राम में रुकेगी। इसमें चिंता की कोई बात नहीं है। आनलाइन टिकट लेने वाले यात्रियों की स्टेशन के मुख्य द्वार पर स्क्रीनिंग की गई, ताकि यह पता लगाया जा सके कि उनमें कोरोना वायरस के कोई लक्षण तो नहीं हैं। यात्रियों के सामान पर कीटाणुनाशक स्प्रे भी किया गया।''
बकौल दीपक झा, ''स्क्रीनिंग के दौरान 25 यात्रियों का टेंपरेचर अधिक पाया गया था। इसलिए हमने उन्हें ट्रेन में सवार होने की इजाजत नहीं दी। उनमें से कुछ अपने परिवार के सदस्यों के साथ थे और अकेले जाना नहीं चाहते थे। इसलिए कन्फर्म रिजर्वेशन वाले 40 व्यक्ति उस ट्रेन में सवार नहीं हुए।''
दीपक ने कहा कि, गुजरात से प्रवासी मजदूरों के लिए कई विशेष ट्रेनें तो पहले से चल रही हैं, लेकिन यहां फंसे सामान्य यात्रियों को लेकर ट्रेन करीब 50 दिन बाद अहमदाबाद से रवाना हुई है।












Click it and Unblock the Notifications