शुरुआत के बाद 2 दिन चलकर रो-पेक्स सर्विस भी सी-प्लेन की तरह बंद, ये PM मोदी ने की थी लॉन्च- VIDEO
सूरत। प्रधानमंत्री मोदी द्वारा गुजरात में शुरू कराई गई रो-पेक्स फेरी सर्विस 2 दिन चलकर बंद हो गई। इससे पहले देश की पहली सी-प्लेन सर्विस के साथ भी ऐसा ही हुआ था, वह भी दो दिन चलने के बाद बाधित हो गई। अब रो-पेक्स फेरी सर्विस के बारे में पता चला है कि, शिप के इंजन का फिल्टर जाम हो गया था। मंगलवार को खराबी होने की वजह से शिप हजीरा से घोघा नहीं जा सकी। जिसकी वजह से यात्री घंटों तक परेशान हुए।
Recommended Video

रो-पेक्स सर्विस हुई बाधित, नहीं चल रहा शिप
संवाददाता ने बताया कि, रो-पेक्स सर्विस की बुधवार की बुकिंग भी रद्द कर दी गई है। यह सर्विस शुरू होने से पहले भी तकनीकी खराबी आई थी, जिसके कारण शिप घोघा से हजीरा देरी से पहुंचा। उसे शुक्रवार काे खींचकर हजीरा लाया गया था। फिर रविवार, 8 नवंबर को इसे ठीक करने के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने वर्च्युअल तरीके से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। हालांकि, सिर्फ दो दिनों में खराबी के कारण मंगलवार की बुकिंग रद्द कर दी गई। साथ ही बुधवार व गुरुवार की बुकिंग भी रद्द होने की जानकारी सामने आई है।

अभी रोकी गईं बुकिंग
इस संबंध में आईएसपीएल ओनर चेतन कॉन्ट्रेक्टर ने बताया कि, रोपेक्स फेरी के इंजन का फिल्टर जाम हो गया था। इस वजह से मंगलवार की ट्रिप को रद्द किया गया था। हालांकि फिल्टर की खराबी को दूर कर दिया गया है। मंगलवार को रातभर इंजन को चालू रखेंगे। बुधवार को दिनभर जांच करने के बाद गुरुवार को फिर से चलाया जा सकता है। रोपेक्स सर्विस बंद होने के कारण छह घंटे बाद यात्रियों को शिप के रद्द होने की जानकारी दी गई।

नाराज यात्रियों का गुस्सा फूटा
बताया जा रहा है कि, शिप प्रबंधन की ओर से यात्रियों को कोई संतोषजनक जवाब भी नहीं दिया गया, जिससे यात्रियों की नाराजगी और बढ़ गई। यात्रियों ने सोशल मीडिया पर वीडियो डालकर अपनी नाराजगी जाहिर की और रोपेक्स फेरी सर्विस में महिलाओं और बच्चों के लिए उचित सुविधा नहीं होने का आरोप लगाया है।

यह होने हैं रो पैक्स फेरी से फायदे
लोगों को यह सुविधा मिलने के कारण घोघा से हजीरा तक का 12 घंटे का सफर जल मार्ग से महज 4 घंटे का रह गया है। इससे पहले तक सूरत से सौराष्ट्र के सफर में सड़क मार्ग से जाने पर 10-12 घंटे का समय लग जाता था। रो-रो पैक्स फेरी (RO Pax Ferry) प्रोजेक्ट से जुड़े अधिकारियों के मुताबिक, 6 नवंबर को इसका ट्रायल किया गया। ट्रायल के समय खुद केंद्रीय शिपिंग मंत्री मनसुख मांडविया निरीक्षण करने आए। ट्रायल सफल होने पर 8 नवंबर को रो-रो फेरी सेवा का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुभारंभ किया गया।

9 हजार लीटर ईंधन भी बचता इसके जरिए
अधिकारियों ने कहा था कि, रो-रो फेरी दिनभर में 3 ट्रिप लगाएगी। इससे लाखों यात्रियों, वाहन, बाइक सहित 30 हजार ट्रक का आवागमन हो सकेगा। हजीरा से घोघा के बीच सड़क मार्ग से दूरी 370 किमी है, जबकि जल मार्ग से मात्र 80 किमी रह जाएगी। रो-रो फेरी के जरिए रोज करीब 9 हजार लीटर ईंधन भी बचेगा।

गुजरात के समुद्र तट को दक्षिण भारत से जोड़ेंगे
सूरत के हजीरा बंदरगाह से भावनगर के घोघा बंदरगाह के बीच रो-रो पैक्स फेरी शुरू होने के बाद पीपावाव से सूरत, सूरत से दीव तथा मुंबई से पीपावाव तक के जलमार्ग को भी इसी से जोड़ने की योजना है। केंद्र व राज्य सरकार गुजरात के समुद्र तट को सीधे दक्षिण भारत से जोड़ने की योजना पर भी काम कर रही है। इस बारे में केंद्रीय जहाजरानी राज्यमंत्री मनसुख मांडवीया ने पिछले दिनों बताया था कि, सौराष्ट्र को दक्षिण गुजरात तथा मुंबई से जोड़कर व्यापार व निर्यात को बढ़ावा दिया जाएगा।मनसुखभाई ने यह भी कहा कि, सड़क मार्ग में ईंधन की खपत अधिक होती है तथा परिवहन में समय भी अधिक लगता है। इसलिए जलमार्ग की अधिक से अधिक संभावनाओं को खोज कर उसकी सुविधाओं को शुरु करने का प्रयास किया जा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications