पाकिस्तान से आई नौका भारतीय जलसीमा में घुसी, गश्त लगाते BSF जवानों ने हरामी नाला से पकड़ी
भुज। पाकिस्तान की ओर से घुसपैठ की साजिशें केवल स्थलीय सीमा से ही नहीं होतीं, अपितु जलसीमा से भी घुसपैठ व तस्करी की घटनाएं खूब सामने आती हैं। पाकिस्तान की ओर से कई बार मछुआरों की आड़ में ड्रग्स को गुजरात के तटीय इलाकों में पहुंचाया गया है। जहां तैनात बीएसएफ के घात दल उसके नाकाम मंसूबों पर पानी फेर देते हैं। बीएसएफ ने अब भुज में हरामी नाला के सामान्य क्षेत्र में फिर एक पाकिस्तानी नौका को जब्त कर लिया है। हालांकि, वहां मौके पर कोई शख्स नहीं मिला।

भारतीय जलसीमा में घुस आए पाकिस्तानी
घटना के बारे में बीएसएफ के भुज में तैनात अधिकारियों ने बताया कि, नौका स्वच्छ पानी में मिली। वह एक पाकिस्तानी मछली पकड़ने वाली नौका है, जिसे जब्त कर लिया गया है। जब्त नौका की पूरी तलाशी ली गई तो उसमें मछली पकड़ने से संबंधित सामग्री के अलावा कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला।

बीएसएफ के एक घात दल ने तेज की तलाशी
बहरहाल, उस नौका में सवार होकर आए लोगों की तलाश की जा रही है। बता दें कि, एक दिन पहले यह खबर आई थी कि, बीएसएफ के एक घात दल ने हरामी नाला के सामान्य क्षेत्र में कुछ पाकिस्तानी मछली पकड़ने वाली नौकाओं और मछुआरों की आवाजाही देखी है।

बीएसएफ को देखकर गायब हो जाते हैं घुसपैठिए
बीएसएफ के अनुसार, हरामी नाला से पाकिस्तानी मछली पकड़ने वाली नाव भारतीय क्षेत्र में प्रवेश करने का प्रयास करते समय अंतर्राष्ट्रीय सीमा के करीब थी। बीएसएफ के दल को अपने पास आते देख मछुआरे नाव छोड़कर पाकिस्तान की ओर तैरने लगे। ऐसा कई दफा हुआ है, जब उधर से नौकाओं पर आने वाले लोग बीएसएफ को देखकर गायब हो जाते हैं।












Click it and Unblock the Notifications