जेल के प्रति नजरिया बदलने की जरूरत, हर कैदी स्वभाव से अपराधी नहीं: अमित शाह
अहमदाबाद, 4 सितंबर: केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह गुजरात के दौरे पर हैं। वहां रविवार को उन्होंने छठी अखिल भारतीय जेल ड्यूटी मीट का उद्घाटन किया, जो तीन दिनों तक चलेगी। कार्यक्रम में मौजूद लोगों को संबोधित करते हुए गृहमंत्री ने कहा कि ये अखिल भारतीय जेल ड्यूटी मीट 3 दिन तक चलने वाली है, जहां विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया है। देशभर से लगभग 1000 से ज्यादा खिलाड़ी यहां पर आए हुए हैं। ये खुशी की बात है।

उन्होंने आगे कहा कि समाज में जेल को जिस नजरिए से देखा जाता है उस नजरिए को भी बदलने की जरूरत है। जेल में हर कैदी स्वभाव से अपराधी नहीं होता है, कई बार कुछ घटना ही ऐसी हो जाती है कि उनको अलग-अलग प्रकार के गुनाह में शामिल होना पड़ता है और उन्हें सजा भी होती है। दंड की प्रक्रिया बहुत जरूरी है क्योंकि दंड नहीं होगा तो भय नहीं और भय नहीं होगा तो अनुशासन नहीं होगा।
अमित शाह के मुताबिक जो लोग जन्मजात और आदतन अपराधी नहीं हैं, उनके प्रति जेल प्रशासन की जिम्मेदारी है कि उन्हें सुधारने के बाद दोबारा समाज से जोड़ा जाए। इसके अलावा गृहमंत्री ने जेल में काम करने वाले कर्मचारियों की भी तारीफ की। इस दौरे में शाह के साथ केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर भी मौजूद हैं।
4 स्मार्ट स्कूलों का उद्घाटन
वहीं दूसरी ओर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने अहमदाबाद में 4 स्मार्ट स्कूलों का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि अहमदाबाद शहर में 22 अनुपम स्मार्ट स्कूल पूरे हो चुके हैं और आज चार स्कूल शुरू हो गए। इससे 3200 से ज्यादा छात्रों का लाभ मिलेगा।












Click it and Unblock the Notifications