बच्चे के साथ चलती रेल में चढ़ती महिला ट्रेन और प्लेटफार्म के बीच आधी फंसी, RPF जवान ने बचाई
नवसारी। गुजरात में नवसारी रेलवे स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के जवान की सतर्कता की वजह से एक महिला और उसके डेढ़ साल के बच्चे की जान बच गई। महिला ने अपने बच्चे के साथ चलती ट्रेन में चढ़ने का प्रयास किया था, लेकिन फिसलकर वह ट्रेन और प्लेटफार्म के बीच फंस गई। उसका आधा शरीर उूपर था और बाकी पटरी की तरह लटक रहा था। तभी प्लेटफार्म पर मौजूद आरपीएफ जवान हर्षद की नजर उस पर पड़ी। हर्षद फुर्ती से महिला की ओर भागे और महिला का हाथ पकड़ लिया।

चूंकि, महिला ट्रेन और प्लेटफार्म के बीच आधा फंस गई थी, तो आरपीएफ जवान हर्षद ने बिना डरे-डराए महिला को उसी स्थिति में रखा। यदि वह हिलती तो उसके दो टुकड़े हो सकते थे। कुछ ही देर में जब ट्रेन गुजर गई, तो महिला और उसके बच्चे को बाहर निकाला गया। इस घटना को प्लेटफार्म पर नजदीक से देखने वाले लोग अवाक रह गए। सभी ने महिला और उसके बच्चे की जान बचाने वाले आरपीएफ जवान हर्षद की हिम्मत को दाद दी। लोग आरपीएफ जवान के कार्य की सराहना कर रहे थे।

महिला के साथ हुए इस हादसे की पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी में कैद हो गई। जिसके बाद वीडियो सोशल साइट्स पर वायरल होने लगा। नवसारी रेलवे सुरक्षा बल निरीक्षक शेख इनायतउल्ला ने भी मुम्बई मंडल तथा आरपीएफ विभाग को वीडियो भेजकर जवान हर्षद की सराहना करते हुए पुरस्कार देने की सिफारिश की। माना जा रहा है कि, अब हर्षद को पुरस्कार मिल सकेगा। हर्षद का कहना है कि, "मैंने अपना फर्ज निभाया।" उन्होंने कहा कि, "प्लेटफार्म पर चलती ट्रेन में चढ़ने के दौरान ऐसी घटनाएं होती हैं, लोगों को सावधानी से चढ़ना चाहिए।"












Click it and Unblock the Notifications