हनुमानजी के चारधाम: इतनी भव्य है पश्चिम में गदाधारी की प्रतिमा, चारों दिशाओं में खड़े होंगे 'महावीर'
मोरबी। महावीर हनुमान के जन्मोत्सव के मौके पर आज गुजरात के मोरबी में 100 फीट से ज्यादा ऊंची प्रतिमा का अनावरण हुआ। हनुमानजी की प्रतिमा का यह अनावरण खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कराया। प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) द्वारा बताया गया कि, प्रतिमा में 'राम-राम' मंत्र लिखी 7 लाख चिटि्ठयां भी समाहित हैं। प्रतिमा का कुल कद 130 फुट है, जबकि पैर से मस्तक की ऊंचाई 108 फुट है।

देश की चारों दिशाओं में विराजेंगे बजरंग बली
इस विशाल प्रतिमा को इसलिए खास बताया जा रहा है कि, क्योंकि इसके अनावरण के साथ ही देश की चारों दिशाओं में हनुमानजी से संबंधित 4 धाम परियोजना परवान चढ़ी है। अधिकारियों ने बताया कि, इस 4 धाम परियोजना के तहत देश के चारों दिशाओं में हनुमानजी की प्रतिमाएं स्थापित की जानी हैं। इस श्रृंखला की पहली मूर्ति वर्ष 2010 में उत्तर दिशा में यानी शिमला में स्थापित की गई। उसी तरह एक प्रतिमा दक्षिण दिशा में रामेश्वरम में स्थापित की जा रही है। चौथी प्रतिमा पूर्व में पश्चिम बंगाल में स्थापित होगी।

यहां हर गांव में बन रहा हनुमानजी का मंदिर
मोरबी में महावीर हनुमान इस प्रतिमा की स्थापना मोरबी के बापू केशवानंद आश्रम में की गई है। मोरबी में एक मंदिर के पुजारी ने कहा कि, यहां महावीर हनुमान के कई मंदिर बनाए गए हैं। एक मंदिर के निर्माण पर 15 से 25 लाख का खर्च आता है, कोरोना के कारण 2 साल से निर्माण रुका हुआ था, जो अब तेजी से चल रहा है।

अनावरण पर यह बोले प्रधानमंत्री मोदी
प्रधानमंत्री मोदी ने इस मौके पर कहा, "हनुमान जी की इस तरह की 108 फीट ऊंची प्रतिमा देश के अलग-अलग कोने में स्थापित की जा रही हैं। हम पिछले कई वर्षों से शिमला में हनुमान जी की प्रतिमा देख रहे हैं, आज मोरबी में दूसरी प्रतिमा स्थापित हुई है। दो अन्य मूर्तियों को दक्षिण में, रामेश्वरम और पश्चिम में पश्चिम बंगाल में स्थापित करने का कार्य चल रहा है।"












Click it and Unblock the Notifications