गुजरात: 800 बीघे के उमियानगर में हुआ लक्षचंडी महायज्ञ, 60 लाख श्रद्धालु आए, 5KM तक लगीं कतार
ऊंझा. गुजरात में मेहसाणा के ऊंझा में उमिया माताजी लक्षचंडी महायज्ञ संपन्न हो चुका है। पांच दिन चले इस यज्ञ में 60 लाख श्रद्धालु शामिल हुए। यज्ञ के अंतिम दिन श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी, जिसके चलते हाईवे पर 5 किमी तक वाहनों की कतारें नजर आईं। लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ 800 बीघे में बसाए गए अस्थाई उमियानगर में एकत्रित हुई। 800 बीघा क्षेत्र में से 25 बीघा में भव्य यज्ञशाला स्थापित कराई गई थी, जहां उमिया माता विराजमान थीं।

800 बीघे में बसाया गया अस्थाई उमियानगर
संवाददाता के अनुसार, लोगों की सहूलियत के लिए कुल 500 बीघा क्षेत्र में वाहन पार्किंग व्यवस्था की गई थी। यहां आने वाले श्रद्धालुओं को आराध्य देवी उमिया माताजी के दर्शन में असुविधा न हो, इसलिए 22 घंटे मंदिर के कपाट खुले रहे।

60 करोड़ से ज्यादा का दान मिला
आयोजक अरविंद सोमाभाई पटेल ने कहा कि महायज्ञ में 60 लाख श्रद्धालु आए, जिनसे 60 करोड़ से ज्यादा का दान मिला। यज्ञ के प्रथम दिन अर्थात् बुधवार को 1 लाख 70 हजार एवं गुरुवार को 2 लाख 75 हजार श्रद्धालुओं ने बालनगरी का लुत्फ उठाया।

पाटीदार समाज की आराध्यदेवी हैं उमिया माता
उमिया धाम गुजरात के ऊंझा में स्थित है। उमिया माता कडवा पाटीदार समाज की आराध्यदेवी हैं। यहां 5 दिन तक उनका महायज्ञ आकर्षण का केन्द्र बना रहा। यहां पर भक्तों ठहरने की व्यवस्था की व्यवस्था ऊंझा एपीएमसी में की गई। यज्ञ के चलते व्यापारियों की ओर से एपीएमसी बंद रखी गई।

भक्तों के भोजन से लेकर ठहरने तक की व्यवस्था हुईं
भक्तों के भोजन से लेकर उनके ठहरने, सोशल मीडिया पर महायज्ञ की झांकिया अपलोड करने सहित की जिम्मेदारी अलग-अलग टीमों को सौंपी गई।












Click it and Unblock the Notifications