गुजरात सरकार का दावा- जितने नए मरीज एक दिन में मिल रहे, उससे 3 गुना ज्यादा रोज ठीक हो रहे हैं
गांधीनगर। गुजरात सरकार का कहना है कि राज्य में कोरोना के संक्रमण पर तेजी से काबू पाया जा रहा है। अब यहां एक दिन के दौरान मिल रहे नए मरीजों की संख्या घटती जा रही है। पिछले 24 घंटों में गुजरात में कोरोना के महज 3,085 मामले दर्ज किए। वहीं, ठीक होने वालों की संख्या इससे तीन गुना ज्यादा थी। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, बीते रोज 10,007 लोग डिस्चार्ज हुए।

नए मरीज कम मिल रहे, अब मौतें भी कम?
गौरतलब है कि, गुजरात में कई महीने संक्रमण के मामले प्रतिदिन 10 हजार से ज्यादा दर्ज किए जा रहे थे। आंकड़ा 18 हजार के पार भी पहुंच गया था। हालांकि, अब सरकार बता रही है कि संक्रमण के मामले 3 हजार प्रतिदिन तक रह गए हैं। इसके अलावा सक्रिय मरीजों की संख्या अभी 55,548 बताई जा रही है। ये संख्या भी 1 लाख के पार चली गई थी। सरकार ने मौतें भी घटने की बात कही है। आंकड़ों में बीते रोज 36 मौतें दिखाई गई हैं।

कोरोना संक्रमितों की संख्या 8 लाख से कम
सरकारी आंकड़ों के अनुसार, गुजरात में संक्रमण के अभी तक 10 लाख मामले भी सामने नहीं आए। और तो और यह संख्या 8 लाख के पैमाने से भी नीचे है। स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि सूबे में अभी तक 7,97,997 मामले ही दर्ज हुए हैं। जिनमें से भी 7,32,748 लोग रिकवर हो चुके हैं।

1,60,87,126 वैक्सीन की डोज दी जा चुकीं
सरकार का दावा है कि, गुजरात की साढ़े 6 करोड़ जनता में से 1,60,87,126 वैक्सीन की डोज दी जा चुकी हैं। खास बात यह है कि, सरकार ने किसी को भी वैक्सीन के गंभीर दुष्प्रभाव न होने की बात कही है। इसके अलावा 26 मई तक 2,12,72,316 मामले दर्ज हो चुके हैं।

..लेकिन ब्लैक फंगस के सर्वाधिक मरीज यहीं
कोरोना वायरस के घटते मामलों के बीच गुजरात में ब्लैक फंगस के मरीज तो बढ़ रहे हैं। केंद्र सरकार के आंकड़ों के मुताबिक, गुजरात में ब्लैक फंगस के 2,859 मामले दर्ज किए गए हैं। यह संख्या अन्य राज्यों के मुकाबले ज्यादा है। इसके पड़ोसी प्रांत महाराष्ट्र में अब तक 2,770 मामले सामने आए हैं। वहीं, आंध्र प्रदेश में 768 मामले दर्ज किए हैं। दिल्ली में 620 और हरियाणा में 400 से ज्यादा मरीज पाए गए हैं।












Click it and Unblock the Notifications