Gujarat election result 2022: घटलोडिया सीट पर रिकॉर्ड वोटों से जीते भूपेंद्र पटेल, लेंगे सीएम पद की शपथ
गुजरात के मौजूदा मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल अपनी सीट घटलोडिया से करीब 2 लाख वोटों के अंतर से चुनाव जीते हैं। वो इस सीट से मौजूदा विधायक भी थे। पूर्व मुख्यमंत्री आनंदीबेन पटेल भी इसी सीट से विधायक रही हैं।

gujarat election result 2022 गुजरात विधानसभा चुनाव में भाजपा ने रिकॉर्ड जीत दर्ज की है। गुजारत के चुनावी नतीजों में बीजेपी को 156 सीटें मिली हैं, जो कि अपने आप में एक रिकॉर्ड है। इससे पहले भाजपा ने साल 2002 में सबसे अधिक 127 सीटों पर जीत दर्ज की थी, जो कि अब टूट गया है। इसके अलावा गुजरात की वीआईपी सीटों पर भी बीजेपी के उम्मीदवार जीते हैं। इनमें सबसे पहला नाम राज्य के सीएम भूपेंद्र पटेल का है, जिन्होंने घटलोडिया सीट पर रिकॉर्ड वोटों के अंतर से जीत दर्ज की है। भूपेंद्र पटेल 1,92,263 वोटों के अंतर से चुनाव जीते हैं। उन्होंने इस सीट पर कांग्रेस पार्टी के डॉ एमी याग्निक को हराया है। गुजरात के राजनीतिक इतिहास में यह किसी भी सीएम की यह अभी तक की सबसे बड़ी जीत है।
गुजरात की वीआईपी सीट है घटलोडिया
आपको बता दें कि घटलोडिया सीट गुजरात की वीआईपी सीट में गिनी जाती है। राज्य की पूर्व मुख्यमंत्री आनंदी बेन पटेल इसी सीट से विधायक चुनकर मुख्यमंत्री बनी थीं। 2012 के विधानसभा चुनाव में आनंदीबेन पटेल को इस सीट पर करीब 10 हजार से अधिक वोटों से जीत मिली थी। वहीं 2017 के चुनाव में भूपेंद्र पटेल ने इस सीट पर करीब 17 हजार मतों से जीत दर्ज की थी। गुजरात में बीजेपी के करीब 9 विधायक 1 लाख से अधिक वोटों के अंतर से चुनाव जीते हैं।
आपको बता दें कि रिकॉर्ड जीत दर्ज करने के बाद भूपेंद्र पटेल राज्य के अगले मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ग्रहण करेंगे। उनका शपथ ग्रहण समारोह 12 दिसंबर को होगा। उनके शपथ ग्रहण समारोह में पीएम मोदी, अमित शाह, राजनाथ सिंह समेत कई बड़े नेता शामिल होंगे।












Click it and Unblock the Notifications