कोरोना से कांग्रेस के वरिष्ठ नेता का निधन, PM मोदी ने जताया शोक, बनासकांठा में 4 बार रहे थे MLA
अहमदाबाद। गुजरात विधानसभा उपचुनाव के बीच राज्य के एक वरिष्ठ कांग्रेस नेता की कोरोना के कारण मौत हो गई। यहां बनासकांठा जिले की कांकेरज सीट से 4 बार विधायक रहे धारसी खानपुरा का निधन हुआ। उनकी मौत की खबर मिलते ही कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं समेत ठाकोर समाज में शोक व्याप्त हो गया। वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी दुख जताया। करीबियों के मुताबिक, खानपुरा को तबियत बिगड़ने पर यू.एन.मेहता अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वे पिछले कुछ समय से कोरोना वायरस की चपेट में थे।

धारसी खानपुरा कांकरेज तहसील के वडा गांव के रहने वाले थे। कल यानी कि, मंगलवार को आयोजित हुए विधानसभा उपचुनाव के बीच उनकी मृत्यु हो जाने का समाचार सामने आया। खानपुरा वर्ष 1990 में पहली बार जनता दल के टिकट पर चुनाव जीतकर पहली बार विधायक बने थे। इसके बाद वे 1995, 2002 और 2012 में कांग्रेस से विधायक बने। बनासकांठा जिले की कांकेरज सीट से उन्हें भारी मतों से जीत मिली थी।

धारसी की मृत्यु पर शोक जताते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ट्वीट किया। मोदी ने लिखा कि, बनासकांठा जिले के कांकरेज के पूर्व विधायक खानपुरा के अवसान से वह दुखी हैं। उन्होंने शोकग्रस्त परिवार व उनके शुभेच्छकों को सांत्वना भी दी। इसी तरह कांग्रेस के भी कई नेताओं ने खानपुरा के निधन पर शोक जतााया है। राज्य में कोरोना काल के दरम्यान कांग्रेस और भाजपा के कई नेताओं की आकस्मिक मृत्यु हो चुकी है। कांग्रेस के लिए यह फिर एक दुखद समाचार है।












Click it and Unblock the Notifications