20 सालों में बहुत बदल गया है गुजरात, आज की पीढ़ी ने यहां कोई कमी नहीं देखी: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी
PM Narendra Modi rally Mehsana Gujarat: गुजरात विधानसभा चुनाव 2022 के लिए मेहसाणा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जनसभा संबोधित कर रहे हैं। मोदी ने अभी कहा कि, गुजरात पिछले 20 सालों में बहुत बदल गया है। उन्होंने कहा कि, आज की पीढ़ी नहीं जानती कि गुजरात ने किस कमी का सामना किया। इस पीढ़ी ने कमी नहीं देखी है। इसके लिए पिछली पीढ़ी ने कड़ी मेहनत की है। भाजपा की सरकार ने तस्वीर बदली। गुजरात विकास के पथ पर लगातार आगे बढ़ा।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा- 'मेहसाणा में वापस आना हमेशा खास होता है। यह वह भूमि है जिसने मुझे पाला है और मुझे बहुत कुछ सिखाया है। मैंने आज की जनसभा में बिजली और पानी की स्थिति में सुधार के लिए भाजपा के प्रयासों, शिक्षा, औद्योगिक विकास और अन्य विषयों पर ध्यान केंद्रित करने के बारे में विस्तार से बताया है।


यहां 24 साल से सत्ता में काबिज है भाजपा
बताते चलें कि, मोदी की अगुवाई वाली भारतीय जनता पार्टी 24 साल से गुजरात की सत्ता में काबिज है। यहां हर चुनाव बीजेपी की मुख्य विपक्षी पार्टी कांग्रेस ही रही है। लेकिन, इस बार केजरीवाल की अगुवाई वाली आम आदमी पार्टी की भी एंट्री हो गई है। इससे समीकरण बदलने के आसार हैं। पंजाब चुनाव जीतने के बाद आम आदमी पार्टी ने गुजरात में भी पूरी ताकत लगा दी है। ऐसे में मुकाबला त्रिकोणीय हो गया है।

अगले महीने चुनाव, 1 और 5 दिसंबर को मतदान
गुजरात में विधानसभा चुनाव 2 चरणों में होंगे। पहले चरण की वोटिंग 1 दिसंबर को होगी, जबकि दूसरे चरण की वोटिंग 5 दिसंबर को होगी। वहीं, दोनों चरणों की मतगणना 8 दिसंबर को होगी। पहले चरण की वोटिंग प्रक्रिया के लिए गजट नोटिफिकेशन 5 नवंबर को और दूसरे चरण की वोटिंग प्रक्रिया के लिए 10 नवंबर को जारी हुआ था।

स्क्रूटनी कब होगी?
चुनाव आयोग के मुताबिक, स्क्रूटनी पहले चरण के लिए 15 नवंबर को होगी, जबकि दूसरे चरण के लिए 18 नवंबर की तारीख तय है। नाम वापसी की अंतिम तारीख पहले चरण के लिए 17 नवंबर और दूसरे चरण के लिए 21 नवंबर निर्धारित की गई है।












Click it and Unblock the Notifications