गुजरात: जो 8 विधानसभा सीटें कांग्रेस के पास थीं, उनमें से 5 भाजपा ने जीतीं, बाकी 3 कौन जीत रहा?
गांधीनगर। गुजरात की आठ विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव के नतीजे आज आ रहे हैं। यहां सत्तारूढ भाजपा ने पहले रुझानों में सभी सीटों पर कांग्रेस को पीछे छोड़ा, उसके बाद शाम 4:45 बजे तक 5 सीटें जीत भी लीं। वहीं, भाजपा बाकी तीन सीटों पर भी जीत के करीब है। उपचुनाव में कांग्रेस का प्रदर्शन इस बार निराशाजनक रहा। बताते चलें कि, ये सभी आठों सीटें पहले कांग्रेस की थीं। इन सीटों में लींबडी, धारी, करजण, अबडासा, गढडा, कपराडा, डांग और मोरबी शामिल हैं।

सभी सीटों पर हारी कांग्रेस
भारतीय चुनाव आयोग की वेबसाइट https://results.eci.gov.in/ पर दी गई जानकारी के मुताबिक, भाजपा ने अब तक 5 सीटें (अबडासा, करजण, गढडा, मोरबी और लींबडी) जीत ली हैं। वहीं, अन्य तीन सीटों (धारी, कपराडा और डांग) पर भाजपा के प्रत्याशी जीत के करीब हैं। पोर्टल पर बताया गया कि, अबडासा में प्रद्युमनसिंह जाडेजा ने 36 हजार और करजण में अक्षय पटेल ने 16 हजार से ज्यादा मतों से जीत दर्ज की है। हालांकि, इससे पहले मंगलवार दोपहर तक मोरबी में कांग्रेसी उम्मीदवार जयंतिलाल पटेल 2455 मतों से आगे चल रहे थे, लेकिन फिर वह भाजपा प्रत्याशी ब्रिजेश मेरबा से पीछे हो गए।

कांग्रेस विधायकों ने दिया था इन सीटों से इस्तीफा
गौरतलब है कि, गुजरात में ये उपचुनाव उन 8 सीटों पर हुए हैं, जो खाली हो गई थीं। क्योंकि जून में राज्यसभा चुनावों से ठीक पहले कांग्रेस के 8 विधायकों ने इनसे इस्तीफा दे दिया था। भाजपा की राज्यसभा सीटें कायम रखने के लिए जिन 8 विधायकों ने कांग्रेस छोड़ी थी, उनमें से 5 को भाजपा ने टिकट दिए। वे सभी 5 उम्मीदवार अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में कांग्रेस पर भारी पड़ गए।
गुजरात में 3 नवंबर को कच्छ जिले की अबडासा, सुरेंद्रनगर की लींबडी, मोरबी की मोरबी, अमरेली की धारी, बोटाद की गढडा (सुरक्षित - अनुसूचित जाति), वडोदरा की करजण, डांग की डांग (सुरक्षित - अनुसूचित जाति) और वलसाड की कपराडा (सुरक्षित - अनुसूचित जाति), इन आठ सीटों पर वोट डाले गए थे। यहां मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस के तत्कालीन विधायकों के इस्तीफे के कारण उपचुनाव कराए गए। इन सीटों पर कुल 81 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिनमें से 51 निर्दलीय भी हैं। सर्वाधिक 14 उम्मीदवार लींबडी और सबसे कम चार कपराडा में हैं।
कुल 182 सीटें हैं गुजरात में
गुजरात में 182 सदस्यों वाले सदन में भाजपा के पास 103 सीटें हैं। वहीं, कांग्रेस के पास फिलहाल सिर्फ 65 सीटें ही हैं। माना जा रहा है कि, उपचुनावों के नतीजे सरकार पर सीधा असर नहीं डालेंगे। अभी गुजरात में स्थानीय निकायों के चुनाव भी होने हैं, इसलिए उपचुनावों में वोटर्स का मूड समझना अहम होगा।












Click it and Unblock the Notifications