गुजरात: राजधानी गांधीनगर कोरोना मुक्त हुई, अब अहमदाबाद में हर 11 मिनट पर 1 नया मरीज
गांधीनगर। गुजरात की राजधानी गांधीनगर अब कोरोना मुक्त शहर (कोरोना फ्री सिटी) है। इस शहर में कोरोना वायरस का कोई मरीज नहीं है। शहर के पहले मरीज, उमंग पटेल को अस्पताल में 30 दिनों के उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है। यहां उमंग पटेल व उसके परिवार के 11 सदस्यों को कोरोना पॉजिटिव पाया गया था। जिनमें से उमंग के दादा की मौत हो गई, लेकिन शेष रिश्तेदार एक-एक करके ठीक हो गए। सोमवार को उमंग को डिस्चार्ज किए जाने के साथ ही गांधीनगर पूरी तरह से कोरोना मुक्त हो गया है।

गांधीनगर में एक ही परिवार के 11 लोग संक्रमित थे
संवाददाता ने बताया कि, उमंग गांधीनगर के सेक्टर-29 का निवासी है। वह और उसकी पत्नी 16 मार्च को दुबई से लौटे थे। 19 मार्च को उमंग के कोरोना से संक्रमित होने का पता चला। जिसके बाद उसके सभी परिजनों की जांच की गई। तब उसकी पत्नी, पुत्र, भाई, दादा-दादी, माता-पिता, बुआ-फूफा और फूफा की माता समेत 11 की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई। इन सभी का उपचार अहमदाबाद-गांधीनगर के अस्पतालों में चल रहा था।

सभी का इलाज, अब कोरोना मुक्त हो गई राजधानी
अस्पताल में उपचार के दौरान ही उमंग के दादा की मौत हो गई। उन्हें कुछ और बीमारियां भी थीं और काफी उम्रदराज थे। हालांकि, उनके बाद परिवार के बाकी लोग एक के बाद एक स्वस्थ होकर घर लौटने लगे। उमंग का करीब महीनेभर तक इलाज चलता रहा। कल शाम को उमंग की रिपोर्ट निगेटिव आने पर उसे भी अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। गांधीनगर में अब तक मिले सब मरीज ठीक हो चुके हैं। इसी के साथ गांधीनगर कोरोना मुक्त शहर बन गया है।

अहमदाबाद में अब हर 11 मिनट पर एक नया मरीज
वहीं, अहमदाबाद शुरू से ही गुजरात में कोरोना का सबसे प्रभावित शहर बना हुआ है। अब तो इस शहर में प्रति 11 मिनट एक नया पॉजिटिव केस सामने आ रहा है। राज्य के स्वास्थ्य विभाग की प्रमुख सचिव डॉ. जयंती रवि ने बताया कि, गुजरात में कोविड-19 के 12 घंटे में 127 नए मामले सामने आए हैं। अकेले अहमदाबाद में आज 50 नए मरीज मिले। अब तक यहां कुल 1298 केस सामने आ चुके हैं। वहीं, सूरत में 69 और मरीज मिल चुके हैं।

गुजरात में अब कुल पॉजिटिव केस 2066 हुए
स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, मंगलवार को 6 लोगों की मौत के बारे में पता चला है। यहां अहमदाबाद के दरियापुर, शाहीबाग, बहेरामपुरा, रायपुर, हाथीजण, नारायणपुरा, कालूपुर, घाटलोडिया, चांदलोडिया विस्तार में लगातार कोरोना के मामले बढ़ रहे हैं। सूरत के लंबे हनुमान रोड, पांडेसरा, भटार, लाल गेट, चोर्यासी आदि इलाकों में कोरोना तेजी से फैल रहा है। इतना ही नहीं, गीर सोमनाथ में सुत्रापाडा से, राजकोट में जंगलेश्वर से भी नए मरीजों का पता चला है।

नवसारी में भी एक पॉजिटिव केस दर्ज हुआ
गुजरात में आज एक नए जिले नवसारी में भी एक पॉजिटिव केस दर्ज हुआ है। राज्य में अहमदाबाद के बाद सूरत 338 मामलों के बाद दूसरे नंबर पर है। वहीं, बड़ौदा 188 केस और राजकोट से 40 केस अब तक दर्ज हुए हैं।












Click it and Unblock the Notifications