गुजरात में आज फिर आया भूकंप, राजकोट से 83KM उत्तर-पश्चिम में था केंद्र, ऐसे कांपी धरती
राजकोट। गुजरात में आज दोपहर फिर भूकंप आ गया। यहां दोपहर 12:57 बजे रिक्टर स्केल पर 4.4 की तीव्रता वाले भूकंप से धरती हिल गई। नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी ने ट्वीट कर इस बारे में जानकारी दी। एनसीएस की ओर से बताया गया कि, राजकोट से 83 किमी उत्तर-पश्चिम में भूकंप के झटके महसूस किए गए। बीते रोज ही भूकंप झेल चुके अधिकांश लोग अनजान ही थे। फिर आज दोपहर जिसने भी इस भूकंप को महसूस किया, वह घबरा गया।
Recommended Video


आज दोपहर को 4.4 तीव्रता वाला भूकंप आया
बता दें कि, रविवार रात 8 बजकर 13 मिनट पर 5.5 की तीव्रता वाला भूकंप आया था। उस भूकंप का एपिसेंटर कच्छ के वोंध गांव में था। हालांकि, राहत की बात यह रही कि राज्य में कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ। राजकोट स्थित कई मकानों में दरार पड़ गई। बर्तन अलमारियों से नीचे गिर पड़े। लोग घरों से बाहर निकल आए।

बीते रोज करीब 10 सेकंड तक थर्राई धरती
भूकंप का सबसे ज्यादा असर कच्छ में ही देखा गया। हालांकि, उक्त भूंकप के बारे में राज्य सरकार ने कहा कि, उसकी तीव्रता रिक्टर स्केल पर 5.3 थी। कच्छ समेत गुजरात के अलग-अलग हिस्सों में करीब 10 सेकंड तक झटके महसूस होते रहे। राजकोट में 3 आफ्टर शॉक महसूस किए गए। वहीं, सौराष्ट्र क्षेत्र में 4.8 तीव्रता के साथ करीब 7 सेकंड तक धरती हिली।

2001 में मची थी बड़ी तबाही
कच्छ में इससे पहले 26 जनवरी 2001 को 7.7 तीव्रता का भूकंप आया था। 19 साल पहले कच्छ के भुज में उस भूकंप की वजह से हजारों करोड़ का नुकसान हुआ था। जिससे 13 हजार से ज्यादा लोगों की मौत हुई थी। बीते रोज नेशनल सेंटर फॉर सिस्मोलॉजी ने जो मैप जारी किया, 2001 में भी वहीं भूकंप आया था।












Click it and Unblock the Notifications