कोरोना: अहमदाबाद में 40, 55 और 65 साल की महिलाओं का दम टूटा, 1 दिन में राज्य में 5 की मौत
अहमदाबाद। गुजरात में कोरोना वायरस के संक्रमितों के मामले अब 700 पार हो गए हैं। कुल 766 में से 64 मरीज ठीक हो पाए हैं, जबकि 33 की मौत हो चुकी है। बुधवार को यहां 116 नए लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई। यह आंकड़ा भारत सरकार के पोर्टल mohfw.gov.in एवं covid19india.org से मिली जानकारी के अनुसार है। वहीं, गुजरात सरकार के स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, बुधवार को यहां पांच और कोरोना पॉजिटिव मरीजों ने दम तोड़ दिया।

एक दिन में 5 की मौत, सभी महिलाएं
गुजरात में एक दिन में 5 कोरोना मरीजों की मौत होना अब तक का सबसे बड़ा आंकड़ा है। इनमें सभी मृतक महिलाएं हैं। इनमें सर्वाधिक 3 की मौत अकेले अहमदाबाद में हुई। वहीं, एक-एक मौत वडोदरा और सूरत में दर्ज की गई। अहमदाबाद में 40, 55 और 65 वर्ष की महिलाओं की मौत हुई।

सबसे ज्यादा मौतें अहमदाबाद में
राज्य में कोरोना से मरने वालों में ज्यादातर अहमदाबाद के ही लोग हैं। अकेले अहमदाबाद में कोरोना से 16 लोगों की जान जा चुकी है। इसके अलावा सूरत और वडोदरा में 4-4 मौत तथा भावनगर में 3 मौत शामिल हैं। राज्य के जिन जिलों में एक-एक मौत हो चुकी है, वो जिले हैं पाटणं, पंचमहाल, जामनगर और गांधीनगर।

बीते रोज इन महिलाओं ने दम तोड़ा
बुधवार को जिन महिलाओं की मौत हुई, उनमें एक वृद्धा को डायबिटीज और फेफड़े की बीमारी थी। उसकी मौत यू.एन. मेहता अस्पताल में हुई। जबकि, एक 55 वर्षीय प्रौढ़ महिला को हृदय की बीमारी थी। उसकी मौत एसवीपी अस्पताल में हुई। वहीं 40 वर्षीय महिला ने सिविल अस्पताल में दम तोड़ दिया।

14 साल की किशोरी की भी मौत
वडोदरा में एक 14 वर्ष की किशोरी की मौत हुई है। उसकी जान सयाजीराव गायकवाड अस्पताल में गई। डॉक्टरों ने बताया कि, उसे मस्तिष्क की बीमारी भी थी। वहीं, 45 वर्षीय महिला ने सूरत के एक निजी अस्पताल में दम तोड़ दिया। इस महिला को हायपरटेन्शन की बीमारी थी।












Click it and Unblock the Notifications