अहमदाबाद में कोरोना मरीजों की मृत्युदर दिल्ली से 4 गुना ज्यादा, इतने भयावह हो चुके हैं यहां हालत
अहमदाबाद। कोरोना वायरस से गुजरात में कोहराम मचा हुआ है। यहां के सबसे बड़े शहर अहमदाबाद में संक्रमितों का आंकड़ा 15000 पार चला गया है। यह शहर देश में कोरोना से प्रभावित टॉप-10 शहरों में तीसरे नंबर पर है। मुंबई और दिल्ली के बाद सबसे ज्यादा कोरोना मरीज यहीं हैं। मगर, यहां कोरोना से मरने वाले लोगों का आंकड़ा काफी डरावना है। यहां मृत्युदर दिल्ली से 4 गुना ज्यादा है। हर 100 में से 7 मरीज कोरोना से जंग हार रहे हैं।

अहमदाबाद में कोरोना डेथ रेट सबसे ज्यादा भयावह
राज्य के स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट एवं कोविड-19 ट्रैकर के मुताबिक, अहमदाबाद में अब तक 1092 मरीजों की घातक वायरस का शिकार होने के बाद मौत हो चुकी है। विगत 24 घंटों के अंदर यहां 26 लोगों की जान चली गई। 343 नए केस दर्ज होने के साथ ही कोरोना संक्रमितों की संख्या 15,305 हो गई। मगर, सबसे ज्यादा डराने वाली बात यह है कि यहां अब प्रत्येक 100 में से 7.2 लोग कोरोना से अपनी जिंदगी गंवा रहे हैं।

गुजरात में अब तक 2,66,404 लोगों के टेस्ट हुए
पूरे गुजरात की बात की जाए तो यहां कोविड-19 से संक्रमित लोगों का आंकड़ा 21,554 हो चुका है। बुधवार को राज्य में 510 नए केसेस दर्ज किए गए। जबकि, 24 घंटे में 34 मरीजों की मौत हो गई। प्रदेश में अब तक 2,66,404 (RT-PCR) टेस्ट हो चुके हैं। जिनमें से 244,850 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आई। जबकि, शेष लोग कोरोना से संक्रमित पाए गए।

राज्यभर में 2,12,291 लोग क्वारंटाइन में हैं
बहरहाल, गुजरात में पॉजिटिव पेशेंट यानी एक्टिव केसेस की संख्या 5,464 है। पूरे राज्य में 2,12,291 लोग क्वारंटाइन में हैं। जिनमें से 2,05,746 होम क्वारंटाइन में एवं 6,545 लोग गवर्मेंट फैसेलिटी में हैं। बुधवार को राज्यभर में 370 मरीजों को ठीक होने के बाद छुट्टी दी गई। अब तक, राज्य में कुल 14,743 रोगियों को अस्पतालों से छुट्टी दी जा चुकी है।

गुजरात में मृत्युदर राष्ट्रीय मृत्यु दर से ज्यादा
गुजरात राज्य में कोरोना से मरने वालों की मृत्युदर 6.22 प्रतिशत रिकॉर्ड की गई है। देखा जाए तो यहां मृत्युदर राष्ट्रीय मृत्यु दर से ज्यादा है। मगर, कोरोना महामारी के कारण देश में सबसे बुरी स्थिति अभी महाराष्ट्र की है, जहां 3200 लोगों की मौत हो चुकी है। मुंबई ऐसा शहर है, जहां देश में कोरोना से सबसे ज्यादा मौतें हुई हैं। 50 हजार से ज्यादा केस होने के बाद मुंबई ने कोरोना संक्रमितों की संख्या के मामल में चीन के वुहान को भी पीछे छोड़ दिया है।

अकेली मुंबई में कोरोना के 50000 से ज्यादा केस
स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक, 1855 लोगों की मुंबई में कोरोना से मौत हो चुकी है। दिल्ली में बुधवार को 24 घंटों के भीतर 48 मरीजों की मौत हुई। इसके साथ ही राष्ट्रीय राजधानी में कोरोना से मरने वालों की संख्या 984 पहुंच गई है।












Click it and Unblock the Notifications