हार्दिक पटेल को मनाने में जुटी कांग्रेस, राहुल गांधी ने की बात
अहमदाबाद, 04 अप्रैल। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने गुजरात कांग्रेस कमेटी के वर्किंग प्रेसिडेंट हार्दिक पटेल से संपर्क किया है। रिपोर्ट के अनुसार हार्दिक पटेल कांग्रेस पार्टी से नाराज चल रहे हैं और उन्होंने अपने ट्विटर हैंडल से कांग्रेस को हटा दिया है, इसके बाद से ही उन्हें मनाने की कवायद शुरू हो गई है। इस बीच सूत्रों की मानें तो हार्दिक को मनाने के लिए राहुल गांधी ने संपर्क किया है। पार्टी सूत्रों ने दावा किया है कि राहुल गांधी ने खुद हार्दिक पटेल से संपर्क करके कहा है कि वह पार्टी में बने रहे। इसके साथ ही उन्होंने पार्टी के इंचार्ज और अन्य नेताओं से भी कहा है कि वह हार्दिक पटेल से संपर्क करें और उनके साथ के मतभेद को खत्म करने की कोशिश करें।

कांग्रेस के जनरल सेक्रेटरी रणदीप सुरजेवाला ने भी इस बात की पुष्टि की है कि पार्टी के नेतृत्व ने हार्दिक पटेल से संपर्क किया है। हार्दिक पटेल से बातचीत की जानकारी प्रदेश प्रभारी रघु शर्मा ही दे सकते हैं। दरअसल जिस तरह से प्रदेश में हार्दिक पटेल को वरीयता नहीं दी गई, उससे हार्दिक नाराज हैं और उन्होंने अपने ट्विटर बायो से कांग्रेस को हटा लिया है, उन्होंने पार्टी के सिंबल को भी अपनी प्रोफाइल पिक्चर से हटा लिया है। वरिष्ठ कांग्रेस नेता ने कहा कि अगर हार्दिक पार्टी को छोड़ते हैं तो यह कांग्रेस के लिए बड़ा नुकसान हो सकता है।
कयास लगाए जा रहे हैं कि हार्दिक पटेल भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो सकते हैं, लेकिन कांग्रेस के नेता इसे लगातार खारिज कर रहे हैं और कह रहे हैं कि हार्दिक का इस तरह का कोई प्लान नहीं है, हालांकि पार्टी यह मान रही है कि वह प्रदेश नेतृत्व से नाराज हैं। हार्दिक ने हाल ही में भाजपा सरकार की तारीफ की थी और आर्टिकल 370 को हटाए जाने और राम मंदिर निर्माण को लेकर सरकार की तारीफ की थी। उन्होंने बाद में यह कहा था कि वह पार्टी के नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी से नाराज नहीं हैं लेकिन प्रदेश के नेतृत्व से नाराज हैं। उन्होंने कहा कि चुनाव करीब हैं, ऐसे में ईमानदार और मजबूत लोगों के साथ काम साथ मिलकर होने चाहिए, उन्हें पद दिए जाने चाहिए।












Click it and Unblock the Notifications