गांधीनगर: BJP और AAP कार्यकर्ताओं में हिंसक झड़प, कई घायल, हिरासत में लिए गए 20 लोग
अहमदाबाद, 21 दिसंबर। गुजरात के गांधीनगर में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और आम आदमी पार्टी (आप) के कार्यकर्ताओं के बीच सोमवार को हिंसक झड़प हो गई। मिली जानकारी के मुताबिक इस घटना में कई लोग घायल हुए हैं, वहीं गांधीनगर पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में लिया है। बताया जा रहा है कि हाल ही में हुए भर्ती परीक्षा प्रश्नपत्र लीक को लेकर आप के कार्यकर्ता विरोध दर्ज कराने के लिए बीजेपी प्रदेश इकाई के मुख्यालय में घुस गए। इस दौरान दोनों पक्षों की तरफ से धक्का-मुक्की की गई जिसके बाद मामला और बिगड़ गया।

गांधीनगर पुलिस के मुताबिक कई लोग घायल हो गए हैं, वहीं इस मामले में 20 से अधिक लोगों को हिरासत में भी लिया गया है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक बीजेपी मुख्यालय 'कमलम' झड़प की सूचना पर मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंच हालात को नियंत्रित करने का प्रयास किया, इसकी लिए सुरक्षाबलों को लाठीचार्ज भी करना पड़ा। इस कार्रवाई से नाराज आम आदमी पार्टी ने पुलिस पर बर्बरता का आरोप लगाया है। हालांकि स्थिति अब नियंत्रण में हैं और हिरासत में लिए गए आप के 20 से अधिक लोगों से पूछताछ की जा रही है।
यह भी पढ़ें: अमेठी का दोबारा विश्वास जीतना राहुल-प्रियंका के लिए सबसे बड़ी चुनौती, जानिए बीजेपी की अब किस पर नजर
घटना की जानकारी देते हुए पुलिस उपाधीक्षक एमके राणा ने कहा, 'इससे पहले की मौके पर पहुंची पुलिस स्थिति को नियंत्रण में करती, उससे पहले ही बीजेपी और आप कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हो गई। इस घटना में कई लोग घायल हुए हैं, उनके सिर में चोट आई है।' हालांकि एमके राणा ने अपने बयान में यह स्पष्ट नहीं किया है कि कुल कितने लोग घायल हैं और वह किस राजनीतिक दल से ताल्लुक रखते हैं। इस बीच आप नेता इसुदान गढ़वी पर बीजेपी की महिला कार्यकर्ताओं ने शराब के नशे में उनके साथ दुर्व्यवहार करने का भी आरोप लगाया है। इन आरोपों के बाद प्रदर्शनकारी समूह में शामिल रहे आप नेता गढ़वी को मेडिकल जांच के लिए गांधीनगर सिविल अस्पताल ले जाया गया है।












Click it and Unblock the Notifications