गुजरात में केजरीवाल ने कहा-अगर AAP सत्ता में आई तो हर गांव में स्कूल और अस्पताल बनाएंगे
कच्छ, 01 अक्टूबर: दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने शनिवार को कहा कि उनकी पार्टी गुजरात विधानसभा चुनाव के बाद सत्ता में आने पर हर गांव में सरकारी स्कूलों का निर्माण करेगी और कच्छ जिले के हर कोने में नर्मदा का पानी पहुंचाएगी। गुजरात विधानसभा चुनाव दिसंबर में होने की संभावना है। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के साथ राज्य के दो दिवसीय दौरे पर आए केजरीवाल यहां से करीब 400 किलोमीटर दूर कच्छ जिले के गांधीधाम कस्बे में एक रैली को संबोधित की।

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि, दिल्ली में सरकारी स्कूलों के विद्यार्थी मेडिकल और इंजीनियरिंग पाठ्यक्रमों में प्रवेश पा रहे हैं। अच्छी तनख्वाह वाली नौकरी पाने के बाद वे अपने परिवार को गरीबी से बाहर निकालेंगे। लेकिन गुजरात के बारे में मुझे पता चला है कि सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कच्छ में सरकारी स्कूलों को बंद कर रही है।
दिल्ली के सीएम ने कहा कि, मैं वादा करता हूं कि 'आप' गुजरात की सत्ता में आने के बाद यहां के प्रत्येक गांव में सरकारी स्कूल खोलेगी और नर्मदा का पानी कच्छ क्षेत्र के प्रत्येक कोने में पहुंचाएगी। हमें अपने बच्चों के भविष्य के लिए केवल एक मौका दीजिए। अगर उनकी पार्टी की गुजरात में सरकार बनी तो सभी 33 जिलों में सरकारी अस्पतालों का निर्माण किया जाएगा जहां पर लोगों को मुफ्त और गुणवत्तापूर्ण इलाज मिलेगा।
महंगी बिजली का मुद्दा उठाते हुए अरविंद केजरीवाल ने कहा कि, गुजरात के मुख्यमंत्री और उनके मंत्रियों को प्रत्येक महीने क्रमश: पांच हजार और चार हजार यूनिट बिजली मुफ्त मिल रही है, लेकिन राज्य सरकार आम लोगों को 300 यूनिट बिजली मुफ्त देने का वादा करने पर उन्हें बरा-भुला कह रही है। आप शासित दिल्ली और पंजाब के लोगों का शून्य बिजली बिल आ रहा है। यह गुजरात में भी किया जा सकता है।
दिल्ली के सीएम ने कहा कि, ये लोग (भाजपा) मुझे भला-बुरा कह रहे हैं कि मैं 'रेवड़ी'(मुफ्त का उपहार) बांट रहा हूं। चुनाव जीतने के बाद एक मार्च से आपको भी शून्य बिजली बिल मिलेगा। वहीं पंजाब के सीएम भगवंत मान ने कहा कि पंजाब में 74 लाख परिवारों के बिजली के मीटर हैं जिनमें से 51 लाख को कोई भुगतान नहीं करना पड़ा जिसे शून्य आम तौर पर शून्य बिल कहते हैं।












Click it and Unblock the Notifications