केजरीवाल को घर पर डिनर कराने वाले गुजरात के ऑटो चालक का यू टर्न, खुद को बताया पीएम मोदी का कट्टर समर्थक
नई दिल्ली, 30 सितंबर। गुजरात विधानसभा चुनाव में अपनी पकड़ मजबूत करने के लिए आम आदमी पार्टी जी तोड़ मेहनत कर रही है। इस बीच एक दिलचस्प घटना सामने आई जब आप के राष्ट्रीय संयोजक व दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल को अपने घर डिनर कराने वाले गुजरात के ऑटो चालक ने भाजपा और पीएम मोदी के लिए यू टर्न ले लिया। ऑटो चालक ने दावा किया कि वो पीएम मोदी का सबसे बड़ा प्रशंसक और भाजपा का कट्टर समर्थक है।

गुजरात के ऑटो चालक विक्रम दंतानी उस वक्त सुर्खियों में आए जब आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने उनका रात्रिभोज का निमंत्रण स्वीकार किया। केजरीवाल दंतानी के ऑटो रिक्शा में बैठकर उनके घर तक यात्रा की। लेकिन शुक्रवार को दंतानी पीएम मोदी की रैली में बीजेपी कार्यकर्ताओं के साथ नजर आए। उन्हें अहमदाबाद शहर के थलतेज इलाके में भगवा दुपट्टा और टोपी और भारतीय जनता पार्टी की पोशाक पहने हुए देखा गया।
विक्रम दांतानी का कहना है कि वो प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी के बहुत बड़े प्रशंसक और उनकी पार्टी भाजपा के कट्टर समर्थक हैं। जब उनसे मीडिया ने केजरीवाल के रात्रिभोज को लेकर सवाल किया तो उन्होंने बताया कि 13 सितंबर को अहमदाबाद में आम आदमी पार्टी की टाउन हॉल बैठक के दौरान केजरीवाल को अपने घर आमंत्रित किया था। उन्होंने ऐसा इसलिए किया था क्योंकि उन्हें ऑटोरिक्शा संघ के नेताओं ने ऐसा करने को कहा था।
विक्रम दंतानी ने कहा "मैंने केजरीवाल को रात के खाने के लिए आमंत्रित किया क्योंकि मुझे हमारे संघ के नेताओं द्वारा ऐसा करने के लिए कहा गया था। जैसे ही मैंने उन्हें अपने घर पर भोजन की मेजबानी करने की पेशकश की, केजरीवाल ने इसे स्वीकार कर लिया। मुझे नहीं पता था कि यह इतना बड़ा मुद्दा बन जाएगा। मैं आम आदमी पार्टी से बिल्कुल भी जुड़ा नहीं हूं और केजरीवाल के रात्रि भोज के बाद ना ही आप के किसी नेता के संपर्क में नहीं हूं।" ऑटोरिक्शा चालक ने आगे कहा कि वह प्रधानमंत्री के बहुत बड़े प्रशंसक हैं और उन्होंने हमेशा भाजपा को वोट दिया है।












Click it and Unblock the Notifications