Ahmedabad: 'मोदी हटाओ-देश बचाओ' पोस्टर लगाने वालों पर पुलिस का एक्शन, 8 गिरफ्तार
Ahmedabad में पीएम मोदी के खिलाफ पोस्टर लगाए गए थे। जिसमें 8 लोगों की गिरफ्तारी हुई है।

गुजरात समेत कई राज्यों में पीएम मोदी के पोस्टर को लेकर विवाद जारी है। हाल ही में अहमदाबाद शहर में कई जगहों पर 'मोदी हटाओ-देश बचाओ' के पोस्टर लगाए गए थे, जिसको लेकर अब गुजरात पुलिस ने एक्शन लिया है। न्यूज एजेंसी एएनआई के मुताबिक अहमदाबाद में पोस्टर विवाद से जुड़े कम से कम 8 लोगों को गिरफ्तार किया गया। साथ ही अन्य की तलाश में छापेमारी जारी है।
दरअसल पहले दिल्ली में आम आदमी पार्टी ने पीएम मोदी को लेकर पोस्टर लगवाए थे। जिसके बाद पंजाब और गुजरात में भी इसी तरह के पोस्टर देखने को मिले। मामला पीएम मोदी से जुड़ा था, ऐसे में उनके गृह राज्य में पुलिस ने तुरंत एफआईआर दर्ज की और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। अब 8 लोगों की गिरफ्तारी इस मामले में हुई है।
केजरीवाल ने उठाया था मुद्दा
दिल्ली में जो पोस्टर लगे थे, उसमें ये सवाल पूछा गया कि क्या भारत के प्रधानमंत्री को पढ़ा-लिखा होना चाहिए? इसके बाद आम आदमी पार्टी ने अन्य राज्यों में भी पीएम के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। इससे पहले 23 मार्च को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में सीएम केजरीवाल ने पीएम मोदी की डिग्री का मामला उठाया था। उन्होंने कहा था कि आज मैं देश के सामने एक सवाल रखना चाहता हूं। क्या एक कम पढ़ा-लिखा पीएम 21वीं सदी के भारत का निर्माण कर सकता है? भारत के प्रधानमंत्री को शिक्षित होना चाहिए।
इसके बाद AAP ने गुरुवार को देशभर में 11 अलग-अलग भाषाओं में 'मोदी हटाओ-देश बचाओ' पोस्टर अभियान शुरू किया। अंग्रेजी, हिंदी और उर्दू के अलावा, गुजराती, पंजाबी, तेलुगु, बंगाली, उड़िया, कन्नड़, मलयालम और मराठी में भी पोस्टर जारी किए गए हैं।
बीजेपी ने लगवाए थे पोस्टर
वहीं आम आदमी पार्टी के पोस्टर राजनीति का जवाब बीजेपी ने भी पोस्टर से दिया था। दिल्ली में कई जगहों पर बीजेपी नेता मनजिंदर सिंह सिरसा ने पोस्टर लगवाए। उन्होंने उसके साथ लिखा था कि बेइमान, रिश्वतखोर और तानाशाह अरविंद केजरीवाल को हटाओ, दिल्ली बचाओ।












Click it and Unblock the Notifications