Gorakhpur News: रामगढ़ताल में मृत मछलियों के मिलने से मचा हड़कंप, सामने आई यह वजह
Ramgarhtal News Gorakhpur: उत्तर प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल गोरखपुर का रामगढ़ताल एक बार फिर चर्चा में है। लेकिन इस बार वजह कुछ और है। शुक्रवार सुबह ताल में भारी संख्या में मछलियां मृत मिली। इसके बाद लोगों के होश उड़ गए। एक साथ इतनी मछलियों के मरने से सभी चकित हैं।
40 लाख रुपए कीमत की हैं मछलियां ताल का ठेका लेने वाले ठेकेदार के मुताबिक मृत मछलियों की संख्या बहुत अधिक है। इनके मुताबिक 40 लाख से अधिक की मछलियां मृत मिली हैं। विशेषज्ञों के अनुसार आक्सीजन की कमी और तापमान में उतार-चढ़ाव मछलियों के मरने की वजह हो सकती है।
इसके पहले भी ताल में मछलियां मर चुकी हैं। जीडीए, समिति की मदद से मछलियों को ताल से निकालने में जुट गया है। गोरखपुर विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने तकरीबन 20 करोड़ रुपये से अधिक पर 10 साल तक मछली मारने का ठेका दिया है। ठेका लेने वाली मत्स्यजीवी सहकारी समिति लिमिटेड तारामंडल रोड मनहट, के पदाधिकारियों के मुताबिक उन्हें भी शुक्रवार की सुबह ही मछलियों के मरने की जानकारी हुई।
उनका दावा है कि गुरुवार को हुई बारिश के बाद तेज धूप निकलने से ताल के पानी में घुलित आक्सीजन की मात्रा कम हो गई जिससे मछलियां मर गईं। उन्होंने कहा कि पहले भी कुछ मछलियों की ऐसे मौत हो चुकी है। समिति के अध्यक्ष मदन लाल व सचिव बलदेव सिंह ने दावा किया कि मछलियों की मौत से 40-50 लाख रुपए की क्षति उठानी पड़ी है।
प्राधिकरण उपाध्यक्ष आनंद वर्द्धन ने बताया कि ताल में मछलियों के मौत की जानकारी मिली है, लेकिन मछलियों के मौत की वजह नहीं स्पष्ट हो सकी है।












Click it and Unblock the Notifications