गोरखपुर: क्वारंटाइन सेंटर में जांच करने पहुंचीं ज्वाइंट मजिस्ट्रेट, गाड़ी पर किया पथराव
गोरखपुर। सहजनवां इलाके के सोनबरसा हड़हा गांव में बने क्वारंटाइन सेंटर में दुर्व्यवस्था वीडियो वायरल हुआ था। वायरल वीडियो की जांच करने ज्वाइंट मजिस्ट्रेट व एसडीएम अनुज मलिक और पुलिस टीम गांव पहुंचीं थी। जांच के दौरान उनकी गाड़ियों पर ग्रामीणों ने पथराव कर दिया, जिसके चलते उन्हें वहां से भागना पड़ा। अब पुलिस ने एक युवक को हिरासत में ले लिया है, साथ ही 16 नामजद और 25 अज्ञात लोगों पर एफआईआर दर्ज कर ली है।

जानकारी के मुताबिक, गोरखपुर के हड़हा सोनबरसा गांव के प्राथमिक विद्यालय में क्वारंटाइन सेंटर बनाया गया है। क्वारंटाइन सेंटर में अन्य प्रांतों से 1-2 व 3 मई को करीब 15 युवक आए हैं। सभी युवक प्राथमिक विद्यालय में क्वारंटाइन सेंटर में हैं। क्वारंटाइन सेंटर में रह रहे एक युवक ने सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल कर प्रधान व तहसील प्रशासन के द्वारा कोई सुविधा नहीं देने का आरोप लगाया। वायरल वीडियो को संज्ञान में लेते हुए ज्वाइंट मजिस्ट्रेट अनुज मलिक पुलिस टीम के साथ गांव के स्कूल में पहुंचीं।
क्वारंटाइन सेंटर में रह रहे युवकों से उन्होंने पूछताछ की। पूछताछ के दौरान कुछ लोग ने दुर्व्यवस्था को लेकर ग्राम प्रधान व हल्का लेखपाल के लिए अपशब्दों का प्रयोग किया। बात बढ़ने पर ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन पर पथराव शुरू कर दिया। ज्वाइंट मजिस्ट्रेट व चौकी प्रभारी विशाल उपाध्याय की गाड़ी पर भी पत्थर फेंके। घघसरा चौकी इंचार्ज विशाल उपाध्याय की तहरीर पर पुलिस ने मारपीट, सरकारी काम में बाधा डालने, पथराव व धमकी देने की धाराओं में केस दर्ज कर एक आरोपित कृष्ण चंद्र को गिरफ्तार कर लिया है। अन्य अज्ञात नामजद आरोपितों की तलाश की जा रही है।
ये हैं नामजद आरोपित
कृष्ण चंद्र, विजय, भूपेंद्र, चक्रधारी, विनोद, अभय, गिरधारी, गोविंद, धर्मराज, दीनानाथ, रितेश, रामनयन, अजय, लालमन, धनेश व देवव्रत।












Click it and Unblock the Notifications