Gorakhpur News: वैक्शीन के रिएक्शन से गोरखपुर में तीसरे बच्चे की मौत
गोरखपुर में टीका लगने से एक और बच्चे की मौत हो गयी है। कुल मृतकों की संख्या तीन हो गयी है। हॉस्पिटल को सील कर मामले की छानबीन की जा रही है।

Gorakhpur News: गोरखपुर के चरगांवा स्थित ग्रीनलैंड हॉस्पिटल में लगे वैक्सीन के रिएक्शन से तीसरे बच्चे की मौत शुक्रवार को हो गयी। बच्चे का इलाज बीआरडी मेडिकल कॉलेज के एनआईसीयू में चल रहा था। मासूम के परिजनों ने चिलुआताल थाने में ग्रीनलैण्ड व बीआरडी मेडिकल कॉलेज के डॉक्टर सुधीर गुप्ता के खिलाफ तहरीर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
जानकारी के मुताबिक, शाहपुर के राप्तीनगर फेज फोर के रहने वाले विनीत सिंह की पत्नी को चार मार्च को ग्रीनलैंड हॉस्पिटल में हुई थी। बच्चा ठीक था। पांच मार्च को नवजात को और हॉस्पिटल के दो अन्य बच्चों को टीका लगाया गया। इसके बाद से ही बच्चे की हालत बिगड़ गयी। इसके बाद बच्चे का शरीर नीला पड़ गया।
मृत मासूम के पिता विनीत कुमार सिंह ने थाने पर दी तहरीर में आरोप लगाया है कि चार मार्च की शाम ग्रीन लैण्ड हॉस्पिटल में बेटे का जन्म हुआ। अगले दिन डॉक्टर सुधीर गुप्ता के सामने कर्मचारी बैजनाथ ने टीका लगाया। टीका लगते ही बच्चे की हालत बिगड़ने लगी। उसे सात घंटे तक ग्रीनलैण्ड हॉस्पिटल में भर्ती रखा गया। सुधार न होने पर बीआरडी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। जहां उसकी मौत हो गयी।
सीएमओ डॉक्टर आशुतोष गुप्ता ने कहा कि यह एक दु:खद घटना है। अस्पताल को सील किया जा चुका है। पांच सदस्यीय टीम मामले की छानबीन कर रही है।












Click it and Unblock the Notifications