UP : बिहार के दो साल्वर गोरखपुर में गिरफ्तार,एक पैसे के लिए तो दूसरा भाई की जगह दे रहा था परीक्षा
गोरखपुर पुलिस ने सीटेट परीक्षा में दूसरे की जगह शामिल दो साल्वरों को गिरफ्तार किया है। दोनों बिहार के रहने वाले हैं।

Gorakhpur News: केंद्रीय पात्रता परीक्षा में दूसरे की परीक्षा दे रहे दो साल्वरों को गोरखपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। दोनों बिहार के रहने वाले हैं एक अपने भाई की जगह तो दूसरा पैसे लेकर परीक्षा दे रहा था। फर्जी आईडी दिखाकर दोनों परीक्षा में शामिल हुए। संदेह होने पर जांच में इनके फर्जीवाडे का पता चला। दोनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
जानकारी के मुताबिक, गोरखपुर के कैंट थानाक्षेत्र स्थित विद्यालय में सीटेट की परीक्षा देेने आए दो संदिग्ध युवक दूसरे की जगह शामिल हुए थे। पकड़े गए आरोपी बिहार के जहानाबाद जिले के घोषी थानाक्षेत्र के मसाढ़ गांव निवासी पुष्प राज और बिहार गोपालगंज के सासामुसा गांव निवासी राहुल कुमार पुत्र ध्रुवदेश शर्मा रहने वाले है। एक अपने भाई की जगह तो दूसरा पैसे लेकर परीक्षा दे रहा था। परीक्षा में प्रवेश के दौरान ही दोनों संदिग्ध लगे। प्रवेश पत्र पर लगा फोटो इनसे मैच नहीं कर रहा था। संदेह होने पर छानबीन की गयी। उनके पास से फर्जी आधार,पैन बरामद हुए हैं।
आरोपी राहुल ने बताया कि वह अपने भाई जितेन्द्र की जगह परीक्षा देने आया था। भाई दिल्ली में काम करता है। वहीं आरोपी पुष्पराज ने बताया कि मुन्ना कुमार की जगह परीक्षा दे रहा था। इसके लिए उसने 80 हजार रुपये भी लिए थे।
प्रभारी निरीक्षक कैंट शशिभूषण राय ने बताया कि सीटेट परीक्षा देने आए दो साल्वरों की जानकारी होते ही पुलिस मौके पर पहुंच गयी। दोनों साल्वरों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।












Click it and Unblock the Notifications