Gorakhpur News: गोरक्षनाथ संस्कृत विद्यापीठ की इस खास पहल से प्राचीन भाषा में बढ़ रही छात्रों की रुचि
Gorakhpur News: संस्कृत भारत ही नहीं विश्व की प्राचीन भाषा है। वर्तमान समय में इसके प्रचार- प्रसार के लिए केंद्र व प्रदेश सरकार कई प्रयास कर रहे हैं। इसके साथ ही गोरक्षनाथ संस्कृत विद्यापीठ गोरखनाथ मन्दिर गोरखपुर इसके उत्थान के लिए खासा प्रयास कर रहा है। वर्तमान समय में विद्यालय के खास पहल से एक साल में छात्रों की संख्या में सैकड़ों की बढ़ोतरी हुई है। बुधवार को संस्कृत सप्ताह समारोह के अन्तर्गत आज वेद विभाग की तरफ से शुक्लयजुर्वेद कण्ठस्थीकरण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें प्रथमा के छात्रों को प्रथम अध्याय, पूर्वमध्यमा के छात्रों को तृतीय अध्याय तथा उत्तरमध्यमा के छात्रों को एकादश अध्याय के मन्त्र कण्ठस्थ करने रहे। उक्त प्रतियोगिताओं में अनेकों छात्रों ने बढ-चढकर प्रतिभाग किया।
गोरक्षनाथ संस्कृत विद्यापीठ गोरखनाथ मन्दिर गोरखपुर में दर्शनविभाग के अध्यक्ष डॉक्टर प्रांगेश कुमार मिश्र ने बताया कि संस्कृत भाषा की जो भी विधाएं है जैसे योग, ज्योतिष इन सब का छात्रों को अलग से प्रशिक्षण दिया जाता है। इसके साथ ही इस विषय का सीखाने के लिए नि:शुल्क शिविर का भी आयोजन किया जाता है। कई टीचिंग कोर्स चलाए जाते हैं। प्रतियोगिताओं के माध्यम से छात्रों में इस विषय की रुचि बढ़ाई जाती है। उन्होंने बताया कि पिछले एक साल में सैकड़ों की संख्या में छात्रों की वृद्धि हुई है।

शिक्षक बृजेश मणि मिश्र ने बताया कि प्रति वर्ष प्रदेश सरकार द्वारा वाल्मिकी जयंती के अवसर पर प्रतिभा खोज प्रतियोगिता का आयोजन किया जाता है। इसी के तहत आज विद्यालय में प्रतियोगिता का आयोजन किया गया जिसमें प्रथमा की प्रतियोगिता में शिवम पाण्डेय प्रथम, शिवेन्द्र पाण्डेय द्वितीय व अश्विनि मिश्र तृतीय स्थान प्राप्त किये। पूर्वमध्यमा की प्रतियोगिता में उज्ज्वल दुबे को प्रथम, प्रशान्तमणि त्रिपाठी को द्वितीय तथा प्रियांशु मिश्र को तृतीय स्थान मिला। इसी प्रकार उत्तरमध्यमा की प्रतियोगिता में दीपांशु पाण्डेय को प्रथम स्थान मिला।
इस अवसर पर कार्यक्रम का संचालन व संयोजन साहित्य विभाग के अध्यक्ष डॉ॰ रोहित कुमार मिश्र ने किया। कार्यक्रम के अध्यक्ष व विद्यालय के प्राचार्य डॉ॰ अरविन्द कुमार चतुर्वेदी ने सभी विजेता प्रतिभागियों को बधाई दी व आगामी प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने के लिए सभी छात्रों को उत्साहित किया। उन्होंने बताया कि कल वेद विभाग की तरफ से गोरखनाथ मंदिर स्थित भीम सरोवर पर प्रात 5:00 बजे से श्रावणी उपकर्म एवं ऋषि पूजन का कार्यक्रम सम्पन्न होगा। डॉ॰ दिग्विजय शुक्ल, डॉ॰ अभिषेक पाण्डेय, बृजेश मणि मिश्र, ओमप्रकाश त्रिपाठी, हृदयनारायण शुक्ल, दीपनारायण, शशिकुमार, पुरुषोत्तम चौबे सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।












Click it and Unblock the Notifications