UP: आनन्द नगर-घुघली महाराजगंज नई रेल लाइन निर्माण परियोजना को मिलेगी गति, केंद्रीय मंत्री ने दिए यह निर्देश
Gorakhpur News Uttar Pradesh: उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले में घुघली स्टेशन से आनंदनगर तक बिछने वाली नई रेल लाइन का निर्माण कार्य और तेज होगा। पूर्वोत्तर रेलवे की महाप्रबंधक सौम्या माथुर ने केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी से मुलाकात कर इसकी प्रगति के बारे में विस्तार से चर्चा की। पंकज चौधरी ने कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं।
जानकारी के मुताबिक, घुघली से आनंदनगर तक 52.70 किमी. लम्बी इस नई लाइन निर्माण परियोजना को 958.27 करोड़ रूपये की लागत से स्वीकृति प्रदान की गई है। वर्तमान वित्त वर्ष में इस कार्य के लिये 20 करोड़ रूपये का आवंटन किया गया है। इस रेल लाइन के निर्माण से हिमालय के तराई क्षेत्र में स्थित महाराजगंज जनपद के विकास को गति मिलेगी।

कृषि बाहुल्य क्षेत्र होने के कारण लघु कृषि उद्योगों को भी बढ़ावा मिलेगा। यह रेल लाइन महाराजगंज जिला मुख्यालय को भी जोड़ेगी। इस लाइन के बन जाने से उत्तर भारत से आने वाली ट्रेनों को वाल्मीकिनगर एवं रक्सौल होते हुये पूर्वोत्तर भारत के लिये एक वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध होगा तथा गोरखपुर जं. स्टेशन पर यातायात का दबाव कम होगा। गोंडा से पनियहवा वाया आनन्द नगर, गोरखपुर, गोरखपुर कैंट, घुघली होते हुये कुल दूरी 307 किमी. है। इस नई रेल लाइन के बन जाने से यह दूरी 265 किमी. रह जायेगी।
इस अवसर पर मुख्य प्रशासनिक अधिकारी निर्माण श्रीश चन्द्र श्रीवास्तव, मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी पंकज कुमार सिंह, सचिव महाप्रबन्धक आनन्द ऋषि श्रीवास्तव एवं वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।












Click it and Unblock the Notifications