UP: इलाहाबाद उच्च न्यायालय के जस्टिस राहुल चतुर्वेदी 'आइकॉन ऑफ गोरखपुर' से सम्मानित
Gorakhpur:इलाहाबाद उच्च न्यायालय के न्यायाधीश राहुल चतुर्वेदी को रविवार को दीनदयाल उपाध्याय विश्वविद्यालय गोरखपुर में 'आइकॉन ऑफ गोरखपुर' से सम्मानित किया गया।

Gorakhpur News: दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के पुरातन छात्र तथा इलाहाबाद उच्च न्यायालय के न्यायाधीश राहुल चतुर्वेदी को रविवार को 'आइकॉन ऑफ गोरखपुर' से सम्मानित किया गया।विश्वविद्यालय के प्रशासनिक भवन में आयोजित कार्यक्रम में कुलपति प्रोफेसर राजेश सिंह ने जस्टिस राहुल चतुर्वेदी को स्मृति चिन्ह तथा शाल भेंट कर सम्मानित किया। साथ ही कुलपति प्रो. राजेश सिंह ने जस्टिस राहुल चतुर्वेदी के सम्मान में लिखित साइटेशन का वाचन किया। इस अवसर पर कुलपति द्वारा गोरखपुर के जिला न्यायाधीश तेज प्रताप तिवारी को भी पुष्प गुच्छ तथा शाल भेंट किया गया।
कुलपति प्रोफेसर राजेश सिंह ने कहा कि पुरातन छात्र सम्मेलन में 'आइकॉन ऑफ गोरखपुर' के शुरू करने के पीछे का मुख्य उद्देश्य विश्वविद्यालय के विकास में पुरातन छात्रों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है। अब तक 100 से अधिक पुरातन छात्र 'आइकॉन ऑफ गोरखपुर' से जुड़ चुके हैं, जिसमें हाईकोर्ट के जज, विश्वविद्यालयों के कुलपति, सफल राजनीतिज्ञ तथा प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों के प्रोफ़ेसर शामिल हैं। अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए कुलपति ने कहा कि ए प्लस प्लस ग्रेड प्राप्त करने के बाद विश्वविद्यालय ने पूरे देश में अपनी एक पहचान बनाई है। हमने न केवल ए प्लस प्लस ग्रेड हासिल किया बल्कि 3.78 सीजीपीए स्कोर किया है। हम देश के सर्वोच्च पांच विश्वविद्यालयों की सूची में शामिल हैं। गोरखपुर विश्वविद्यालय के पास अपार संभावनाएं तथा एक मजबूत सेटअप है।
इसके विकास में करुंगा सहयोग 1985 बैच के पुरातन छात्र तथा इलाहाबाद उच्च न्यायालय के जस्टिस राहुल चतुर्वेदी ने कार्यक्रम को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित करते हुए कहा कि यह अत्यन्त सुखद है कि विश्वविद्यालय में पंचवर्षीय बीए एलएलबी पाठ्यक्रम संचालित हो रहा है। मैं कुलपति प्रो. राजेश सिंह को शुभकामनाएं देता हूं, जिनके नेतृत्व में विश्वविद्यालय का कायाकल्प हो रहा है। मेरे अन्दर प्रसन्नता तथा सम्मान का भाव है, अत्यंत भाव विभोर हूं। हमारा संबंध गोरखपुर विश्वविद्यालय से लगभग तीन दशक पुराना है। मैं कुलपति प्रो. राजेश सिंह को आश्वस्त करता हूं कि गोरखपुर विश्वविद्यालय मेरी संस्था है, इसके विकास के लिए हर तरह का सहयोग करूंगा।
विश्वविद्यालय की डिजिटल लाइब्रेरी का हुआ उद्घाटन
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जस्टिस राहुल चतुर्वेदी तथा कुलपति प्रो. राजेश सिंह द्वारा विश्वविद्यालय की डिजिटल लाइब्रेरी का उद्घाटन किया गया। मानद ग्रंथालयी प्रो. विनय कुमार सिंह ने बताया कि डिजिटल लाइब्रेरी में बिबलियोटेक्स के माध्यम से लगभग दो दर्जन विषयों की 1832 पुस्तकें उपलब्ध कराई गई हैं। साथ ही ऑनलाइन डेटाबेस 'मनुपत्र' के माध्यम से देश के सर्वोच्च न्यायालय तथा अन्य न्यायालयों के महत्त्वपूर्ण निर्णय, बेयर एक्ट तथा इ-बुक्स उपलब्ध कराई जा रही हैं।
बीए एलएलबी के विद्यार्थी हुए पुरस्कृत
मुख्य अतिथि जस्टिस राहुल चतुर्वेदी तथा कुलपति प्रो. राजेश सिंह ने बीए एलएलबी पाठ्यक्रम द्वारा आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले लगभग 20 विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र देकर पुरस्कृत किया। प्रतियोगिताओ में मुख्य रूप से ऑनलाइन क्विज, डिबेट, पोस्टर मेकिंग, प्रीएम्बल रीडिंग तथा निबन्ध लेखन शामिल किया गया था।
कार्यक्रम का संचालन अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. अजय सिंह तथा धन्यवाद ज्ञापन एलुमनी एसोसिएशन की अध्यक्ष प्रो. अनुभूति दूबे ने किया। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के अधिष्ठातागण, विभागाध्यक्षगण, पाठयक्रम समन्वयक, कुलसचिव, वित्त अधिकारी आदि मौजूद रहे।












Click it and Unblock the Notifications